मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जिसे लोगों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। इस फिल्म का निर्देशन अहमद खान ने किया है और इसमें लगभग 34 सितारे नजर आए हैं। हालांकि, कुछ स्टार्स ऐसे भी थे, जिनके नाम फिल्म ऐलान होने के समय हुए थे, लेकिन मूवी रिलीज होने के बाद वह उसमें नजर नहीं आए। इनमें संजय दत्त, शारिब हाशमी, राहुल देव और सिंगर मीका सिंह शामिल हैं।

अब अहमद खान ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में खुद बताया है कि आखिर संजय दत्त ने यह मूवी क्यों छोड़ी, जब उन्होंने शूटिंग शुरू कर दी थी। इसके साथ ही डायरेक्टर ने उन आरोपों को भी खारिज किया, जिनमें यह कहा गया था कि मेकर्स और एक्टर के बीच कोई अनबन हुई थी।

यह भी पढ़ें: उदय शेट्टी और मजनू भाई क्यों नहीं हैं ‘वेलकम टू द जंगल’ में? पहली बार अक्षय कुमार ने तोड़ी चुप्पी

क्या थी संजय दत्त के फिल्म छोड़ने की वजह

डायरेक्टर अहमद खान ने बताया कि संजय ने शेड्यूलिंग की दिक्कतों के कारण प्रोजेक्ट छोड़ा और एक्टर को बीच में इलाज के लिए अमेरिका भी जाना पड़ा था। डायरेक्टर ने आगे बताया कि फिल्म छोड़ने से पहले उन्होंने संजय के साथ कुछ सीन शूट भी किए थे। न्यूज 18 से बात करते हुए उन्होंने कहा, “संजू बाबा को स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई थी और वह सच में फिल्म का हिस्सा बनना चाहते थे। फिल्म में उनके कई दोस्त थे, जैसे जग्गू दादा (जैकी श्रॉफ), अक्षय कुमार वगैरह। वह बहुत उत्साहित थे।”

इसके आगे उन्होंने कहा, “हमने उनके साथ फिल्म का कुछ हिस्सा शूट भी किया था। लेकिन उन्हें डेट्स की दिक्कतें थीं। उन्हें अमेरिका जाना था। वह इलाज के लिए वहां गए थे और मैं इतने सारे एक्टर्स की डेट्स नहीं बदल सकता था।” साथ ही अहमद ने यह भी बताया कि जब संजय फिल्म से बाहर हुए, तो उन्होंने उनकी जगह किसी और को ढूंढने में मदद की। डायरेक्टर ने बताया कि संजय ने ही सुनील शेट्टी को अपना रोल करने के लिए मनाया और बाद में जैकी श्रॉफ को उस रोल के लिए तैयार किया जो असल में सुनील शेट्टी को करना था।

शारिब हाशमी ने इसलिए किया था मना

वहीं, शारिब हाशमी ने एक बार वैरायटी इंडिया से बात करते हुए बताया था, “मैंने यह फिल्म तब साइन की थी जब किसी दूसरे प्रोजेक्ट के साथ कोई टकराव नहीं था, लेकिन शूटिंग में देरी हो गई। जब शूटिंग की तारीखें आईं, तो वे ‘द फैमिली मैन सीजन 3’ के शेड्यूल से टकरा गईं। इसलिए मुझे ‘वेलकम टू द जंगल’ के लिए मना करना पड़ा।”

यह भी पढ़ें: Welcome to the Jungle Collection: सोमवार को ‘वेलकम टू द जंगल’ की कमाई में आई 65.7% गिरावट, वर्ल्डवाइड फिल्म ने कमाए 106 करोड़ रुपये