Welcome to the Jungle Collection Day 3: अक्षय कुमार की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। यह फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। निर्देशक अहमद खान की इस फिल्म की कहानी दिवंगत लेखक नीरज वोहरा ने लिखी थी।

फिल्म ट्रेड पर नजर रखने वाली वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, रिलीज के सिर्फ तीन दिनों में इस फिल्म ने दुनियाभर में 93.20 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। वहीं, भारत में फिल्म ने 60 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। तीसरे दिन फिल्म की कमाई में दूसरे दिन के मुकाबले 23.8% की बढ़ोत्तरी देखने को मिली।

यह भी पढ़ें: ‘एक भगवान, कई नाम’, बेटे तैमूर और जेह को धर्म कैसे समझाते हैं, सैफ अली खान ने किया खुलासा

पहले वीकेंड पर ‘वेलकम टू द जंगल’ का कलेक्शन

अक्षय कुमार स्टारर इस फिल्म ने प्रीव्यू से 3.75 करोड़ रुपये कमाए। फिर ओपनिंग डे पर भारत में 15.25 करोड़ रुपये की कमाई की और दूसरे दिन 20 करोड़ रुपये की कमाई की। अब तीसरे दिन यानी रविवार को मूवी ने 10,867 शो से 24.75 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। ऐसे में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसकी कुल नेट कमाई 63.75 करोड़ हो गई है और कुल ग्रॉस कलेक्शन 76.50 करोड़ हो गया है।

वहीं, विदेशों में फिल्म ने तीसरे दिन 6 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसका कुल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 16.70 रुपये करोड़ हो गया है। इस तरह फिल्म का दुनिया भर में कुल ग्रॉस कलेक्शन 93.20 करोड़ रुपये हो गया है। अब यह जल्द ही 100 करोड़ के क्लब में एंट्री लेने को तैयार है।

‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आए ये सितारे

अक्षय कुमार के साथ ‘वेलकम टू द जंगल’ में रवीना टंडन, सुनील शेट्टी, दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडीज, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, राजपाल यादव, कीकू शारदा, कृष्णा अभिषेक, दलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी, यशपाल शर्मा, मुकेश तिवारी, किरण कुमार, विंदू दारा सिंह और उर्वशी रौतेला समेत कई बड़े कलाकार दिखाई दिए।

बता दें कि ‘वेलकम टू द जंगल’ का निर्माण फिरोज नाडियाडवाला, राकेश डांग और वेदांत विकास बाली ने बेस इंडस्ट्रीज ग्रुप, केप ऑफ गुड फिल्म्स और सीता फिल्म्स के बैनर तले किया है। यह फिल्म ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त है। खास बात ये है कि इस बार अनिल कपूर और नाना पाटेकर इस मूवी का हिस्सा नहीं हैं।

यह भी पढ़ें: ‘हम बर्थडे मनाने आए थे लेकिन’, जैस्मीन की अचानक बिगड़ी तबीयत, जन्मदिन के मौके पर हुईं अस्पताल में एडमिट