टीवी एक्टर विवियन डीसेना को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। विवियन ने हाल ही में एक इंटरव्यू में खुलासा किया है कि उन्होंने साल 2019 में इस्लाम कबूल कर लिया है और उन्होंने शादी कर ली है और उनकी एक 4 महीने की बेटी भी है।
हाल ही में विवियन डीसेना को लेकर खबर आई थी कि उन्होंने मिस्र की एक पूर्व पत्रकार नौरान एली से सगाई कर ली है तब से एक्टर ने इस मामले में चुप्पी साधी थी। हालांकि, पहली बार उन्होंने अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात की और यह भी खुलासा किया कि उनकी एक चार महीने की बेटी भी है। मधुबाला अभिनेता ने यह भी साझा किया कि वह 2019 से इस्लाम का पालन कर रहे हैं।
विवियन ने बॉम्बे टाइम्स से बात करते हुए बताया कि उन्हें नहीं लगता कि शादी करना और पिता बनना कोई ‘बड़ी बात’ है। अभिनेता ने कहा, “हम अपनी शादी और मेरी बेटी के आने की खबर की घोषणा के लिए सही वक्त का इंतजार कर रहे थे। मैंने करीब एक साल पहले मिस्र में एक अंतरंग समारोह में नौरान के साथ शादी की थी। पिता बनना एक सपने के सच होने जैसा और सबसे अद्भुत एहसास है। हर बार जब मैं अपने बच्चे को अपनी बाहों में लेता हूं तो मैं खुद को दुनिया के टॉप पर महसूस करता हूं। मैं और क्या माँग सकता था? हमने अपनी बेटी का नाम लयान विवियन डीसेना रखा है।”
विवियन डीसेना को आखिरी बार सिर्फ तुम में देखा गया था। एक्टर ने कहा कि वो हमेशा अपने व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन को अलग रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह और उनकी पत्नी नहीं चाहते कि उनका परिवार सुर्खियों में आए और वह उनके लिए बेहद सुरक्षात्मक हैं।
इस्लाम का पालन करने की अफवाहों को संबोधित करते हुए, अभिनेता ने उसकी पुष्टि की और कहा कि हालांकि उनके लिए ‘कुछ भी नहीं बदला है’। “मैं ईसाई पैदा हुआ था, और अब मैं इस्लाम का पालन करता हूं। मैंने 2019 में रमजान के पवित्र महीने के दौरान इस्लाम का पालन करना शुरू किया। मुझे दिन में पांच बार प्रार्थना करने में बहुत शांति और सांत्वना मिलती है।’
पिछले साल, विवियन डीसेना ने बताया था कि साढ़े चार साल पहले काम के सिलसिले में उन्होंने पहली बार नौरान एली के साथ कैसे बातचीत की थी। हालाँकि, दोनों जल्द ही दोस्त बन गए और प्यार हो गया और शादी के बंधन में बंधने का फैसला किया।
अभिनेता की पहले वाहबिज दोराबजी से शादी हुई थी, और दोनों 2017 में अलग हो गए।