आदित्य धर की स्पाई-एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को सिनेमाघरों में आए हुए जल्द दो हफ्ते पूरे होने वाले हैं और इस मूवी को लेकर अभी भी हर तरफ चर्चा हो रही है। आम लोगों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के लोग भी मूवी की कहानी, एक्शन और पूरी टीम की तारीफ कर रहे हैं। अब इसमें निर्देशक विवेक अग्निहोत्री का नाम भी शामिल हो गया है। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए ‘धुरंधर 2’ के डायरेक्टर और उनकी टीम को बधाई दी है।

सिर्फ इतना ही नहीं, ‘द कश्मीर फाइल्स’ निर्देशक ने बताया कि वह कई दिनों से कैलिफोर्निया के गांव में थे, जिस वजह से मूवी नहीं देख पाए थे। फिर उन्होंने ‘धुरंधर 2’ देखने के लिए लॉस एंजेलिस का सफर किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने पोस्ट में आदित्य धर को एक सलाह भी दी है। चलिए जानते हैं कि अग्निहोत्री ने अपने पोस्ट में क्या लिखा है।

यह भी पढ़ें: कौन है ‘सैयारा’ अभिनेत्री अनीत की बहन रीत पड्डा, ‘धुरंधर 2’ को प्रोपेगेंडा फिल्म बताने के बाद डिलीट किया इंस्टाग्राम

विवेक अग्निहोत्री ने की ‘धुरंधर 2’ की तारीफ

विवेक ने अपने इंस्टाग्राम और एक्स हैंडल पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने लिखा, “मैं कैलिफोर्निया के ग्रामीण इलाके में था और आखिरकार सिर्फ ‘धुरंधर’ देखने के लिए लॉस एंजेलिस गया। शाबाश… ब्रावो, एक बार फिर आदित्य धर ने कमाल कर दिया। सच कहूं तो मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या कहूं… मैं जो कुछ भी कहूंगा, वह शायद उस बात के आगे बस एक शोर जैसा ही लगेगा, जो अपने आप में ही सब कुछ कह रही है। बेहतर होगा कि मैं आपको फोन कर लूं।”

इसके आगे उन्होंने लिखा, “सभी ने बहुत ही शानदार काम किया है, लेकिन मैं खास तौर पर दो ऐसे कामों का जिक्र करना चाहूंगा, जिनकी अक्सर उतनी तारीफ नहीं होती। जिन्होंने इस फिल्म को एक बहुत ही ऊंचे मुकाम पर पहुंचा दिया है। पहले विकास नौलखा की बेहतरीन सिनेमैटोग्राफी और दूसरा सैनी एस जोहरे का शानदार प्रोडक्शन डिजाइन। सिनेमा में कैमरा और प्रोडक्शन डिजाइन एक-दूसरे से जुड़े होते हैं। जब तक दोनों में तालमेल नहीं होता, फिल्म मास्टरपीस नहीं बन सकती।”

विवेक अग्निहोत्री ने पोस्ट में आगे लिखा, “धुरंधर’ में ये तालमेल पूरी तरह नजर आता है। विकास और सैनी ने ऐसा काम किया है, जो लंबे समय तक एक मिसाल बना रहेगा। दोनों को दिल से शुभकामनाएं और सलाम।”

विवेक अग्निहोत्री ने आदित्य धर को दी सलाह

इसके बाद उन्होंने निर्देशक आदित्य धर को सलाह देते हुए लिखा, “आदित्य, एक छोटी-सी सलाह- आप होशियार हैं और अपना रास्ता जानते हैं। बस अपने आस-पास के माहौल और पूरे सिस्टम के प्रति सतर्क रहें। यह जितना लुभावना हो सकता है, उतना ही बेरहम भी। टीम धुरंधर में बाकी सभी लोग आप सब कमाल के हैं।”

यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर 2’ ने रौंद डाला KGF 2 का रिकॉर्ड

Dhurandhar 2 Worldwide Collection: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने 12वें दिन (दूसरे सोमवार) को भारत में लगभग 25.30 करोड़ रुपये की कमाई की। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें