अनंत बलानी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘पत्थर के फूल’ से अभिनेत्री रवीना टंडन ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इस मूवी में उनके साथ सलमान खान नजर आए थे और मूवी के प्रोड्यूसर विवेक वासवानी थे। अब हाल ही में विवेक ने एक इंटरव्यू में बताया है कि आखिर क्यों इस फिल्म के बाद उन्होंने ‘दबंग’ खान के साथ काम नहीं किया।

विकी लालवानी के पॉडकास्ट पर बात करते हुए विवेक वासवानी ने कहा कि उन्हें अनुशासित माहौल में काम करना पसंद है और वह सलमान के साथ तभी काम करेंगे जब कुछ शर्तें पूरी होंगी। उन्होंने कहा, “मैं ऐसे माहौल में काम नहीं कर सकता जहां शराब हो, जहां लोग शराब पीकर बिना किसी अनुशासन के काम करते हों।

यह भी पढ़ें: फिल्म ‘जोधा अकबर’ की शूटिंग के दौरान हुई थी ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन की शादी, अभिनेत्री ने स्क्रीन अवॉर्ड में बताई थी ये बात

मैं इस तरह काम नहीं कर सकता। अगर मुझे वह सलमान खान मिले जिसे मैंने संजय लीला भंसाली या सूरज बड़जात्या जैसे फिल्म निर्माताओं के साथ देखा, तो मैं उनके साथ काम करूंगा। उनके साथ सलमान पूरी तरह से अनुशासित होते हैं, बेहतरीन तरीके से प्रोफेशनल होते हैं और अपना बेस्ट देते हैं।”

विवेक ने आगे कहा कि सलमान इन फिल्ममेकर्स के साथ प्रोफेशनली काम करते हैं क्योंकि ये बड़े बैनर हैं। उन्होंने कहा, “ये ऐसे प्रोड्यूसर हैं जो सिर्फ सलमान के नाम पर फिल्में नहीं बनाते। उन्हें सलमान स्टार की जरूरत नहीं है, उन्हें सलमान एक्टर की जरूरत है। जब मुझे सलमान एक्टर मिलेगा, तो मैं उसके साथ काम करूंगा।”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे अनुशासनहीनता बिल्कुल पसंद नहीं है। अगर कोई शिफ्ट सुबह 9 बजे शुरू होती है, तो आप शाम 4 बजे नहीं आ सकते। यह बिल्कुल भी मंजूर नहीं है। अगर आप कुछ बदलना चाहते हैं, तो जल्दी आइए, डायरेक्टर के साथ बैठिए और उस पर ठीक से चर्चा कीजिए।”

सलीम खान के साथ मतभेदों पर क्या बोले विवेक वासवानी

वासवानी ने कहा कि सलमान के पास ‘पत्थर के फूल’ में बदलाव करने की ज्यादा गुंजाइश नहीं थी, क्योंकि सलीम खान ने इसकी स्क्रिप्ट लिखी थी। उन्होंने कहा, “वह बदलाव नहीं कर सकते थे, क्योंकि उनके पिता सलीम खान, जिन्होंने स्क्रिप्ट लिखी थी, वहीं मौजूद थे। सलीम साहब मुझे बहुत पसंद करते थे, भले ही हमारे बीच कुछ भी मतभेद थे। बाद में जब सलमान एक बड़े स्टार बन गए और उन्होंने कई फिल्में साइन कर लीं, जिससे डेट्स को लेकर कुछ दिक्कतें आईं। लेकिन वे दिक्कतें छोटी-मोटी ही थीं।”

वासवानी ने खान परिवार के साथ बिताए अपने समय को भी प्यार से याद किया, खासकर सलीम खान के घर पर स्क्रिप्ट पर होने वाली चर्चाओं के दौरान। उन्होंने कहा, “हम स्क्रिप्ट सेशन के लिए सलीम साहब के घर जाना ज्यादा पसंद करते थे, क्योंकि वहां का खाना जबरदस्त होता था। मेहमाननवाजी बेमिसाल थी। मुझे सलमा आंटी, हेलेन आंटी, सोहेल, अरबाज बहुत पसंद थे और अर्पिता तो उस समय एक बच्ची ही थी।”

यह भी पढ़ें: दिशा वकानी के ससुरालवालों ने TMKOC की शूटिंग के लिए बहू के सामने रखी थी कई शर्तें, जेनिफर मिस्त्री ने बताया नहीं होगा ‘दयाबेन’ का कमबैक