एक्टर और राइटर विवेक वासवानी ने एक बार फिर बॉलीवुड के कई सितारों को लेकर बात की है। हालांकि, इस बार उन्होंने कहा कि एक्टिंग भले ही अच्छी कमाई का जरिया हो, लेकिन कई एक्टर्स ने सिर्फ फिल्मों पर निर्भर रहने के बजाय बिजनेस में निवेश करके ज्यादा पैसा कमाया। इसके साथ ही उन्होंने शाहरुख खान को समझदार, चालाक और पढ़ा-लिखा बताया। साथ ही उन्होंने डैनी डेन्जोंगपा और राजेंद्र कुमार का उदाहरण दिया, जिन्होंने सही जगह निवेश करके जल्दी अच्छी संपत्ति बना ली।

विवेक वासवानी ने ‘द बॉलीवुड मिनट’ से बात करते हुए उन्होंने कहा, “इंटेलिजेंट, शातिर और पढ़ा-लिखा होने में फर्क होता है। शाहरुख में ये तीनों गुण हैं। अनिल कपूर, बोमन ईरानी, ​​जितेंद्र सिनेमा के बारे में किसी दूसरे से ज्यादा जानते हैं। शायद अगर हम बैठकर सिनेमा और डिस्ट्रीब्यूशन की रणनीति पर बात करें, तो आमिर खान और अनिल कपूर का नाम सबसे पहले सामने आएगा।”

यह भी पढ़ें: ‘कोई भी मुझे रोल ऑफर नहीं कर रहा’, कपिल शर्मा शो के कारण अर्चना पूरन सिंह के फिल्मी करियर पर लगा ब्रेक, बोलीं- मैं बस कुर्सी पर बैठकर….

विवेक वासवानी ने आगे कहा, “शाहरुख खान सिर्फ एक एक्टर या स्टार नहीं बने हैं, बल्कि उन्होंने एक पूरा बिजनेस एम्पायर खड़ा किया है। उनकी अपनी क्रिकेट टीम है, रियल एस्टेट में निवेश है, एक बड़ा स्टूडियो है। उनकी VFX कंपनी भी है, जो करोड़ों-अरबों का काम करती है। शाहरुख खान अपने आप में पूरी इंडस्ट्री हैं, जिनमें पढ़ाई, समझदारी, चालाकी और तेज दिमाग- सब कुछ शामिल है।”

शाहरुख खान की कुल संपत्ति

साल 2025 में शाहरुख खान भारत के पहले ऐसे अभिनेता बने, जिन्हें M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में अरबपति के रूप में शामिल किया गया। उनकी कुल संपत्ति करीब 12,490 करोड़ रुपये बताई गई। यह पहली बार था जब हुरुन लिस्ट ने शाहरुख खान को बिलियनेयर माना। इस लिस्ट के अनुसार उनकी कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट उनकी सबसे बड़ी कमाई का जरिया है। इसके अलावा उनके पास IPL टीम कोलकाता नाइट राइडर्स भी है और कई अन्य बिजनेस में भी उनका निवेश है।

विवेक ने आमिर खान के बारे में बात करते हुए कहा, “आमिर एक बहुत समझदार प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने हमें कई यादगार फिल्में दी हैं, जैसे ‘सरफरोश’, ‘दिल चाहता है’ और ‘लगान’ समेत कई नाम शामिल हैं। उन्होंने कमर्शियल हिट फिल्में भी दी हैं, जैसे ‘राजा हिंदुस्तानी’, ‘रंगीला’, ‘गुलाम’ और भी बहुत कुछ। वह शाहरुख जितने ही अच्छे हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि आमिर ने फिल्मों में अपनी विरासत बनाने पर ध्यान दिया, जबकि शाहरुख ने एक बड़ा बिजनेस एम्पायर खड़ा किया।”

बिजनेस से अरबपति बने डैनी डेन्जोंगपा

विवेक ने कहा, “डैनी अपने समय के सबसे महंगे विलेन थे। उन्होंने सिक्किम में एक पूरी ब्रूअरी इंडस्ट्री (शराब निर्माण उद्योग) खड़ी कर ली। Dalberg वह ब्रांड है जिसे उन्होंने शुरू किया है। वह अपनी एक्टिंग करियर की वजह से नहीं, बल्कि अपने बिजनेस की वजह से अरबपति बने हैं।

इसके अलावा, राजेंद्र कुमार भी एक बहुत ही समझदार बिजनेसमैन थे। जब दूसरे एक्टर कारों और शराब पर पैसे खर्च कर रहे थे, तब राजेंद्र स्टॉक्स और कंपनियों में इन्वेस्ट कर रहे थे। उन दिनों वह सिर्फ फिल्मों पर निर्भर हुए बिना ही करोड़पति बन गए थे।”

यह भी पढ़ें: ‘मैं उससे कभी नहीं पूछूंगा’, बेटी आराध्या बच्चन से अपनी फिल्मों पर राय नहीं लेते अभिषेक बच्चन, अभिनेता ने खुद बताई वजह