बॉलीवुड में बायोपिक का दौर लगातार बढ़ता जा रहा है और अब दर्शकों को कई महान शख्सियतों की प्रेरणादायक कहानियां बड़े पर्दे पर देखने को मिलेंगी। लोक कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर से लेकर मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तक, इन दिग्गज हस्तियों के जीवन को पर्दे पर उतारने की जिम्मेदारी श्रद्धा कपूर, आमिर खान समेत कई बड़े सितारों ने उठाई है।

इन फिल्मों के जरिए दर्शकों को न सिर्फ इन शख्सियतों के संघर्ष और उपलब्धियों से रूबरू होने का मौका मिलेगा, बल्कि उनके जीवन के अनसुने पहलुओं को भी करीब से जानने का अवसर मिलेगा। बॉलीवुड में अब रियल लाइफ स्टोरीज को काफी पसंद किया जा रहा है, जिस वजह से काफी बायोपिक बनने भी लगी हैं। चलिए बताते है कि आपको पर्दे पर कौन-कौन सी रियल लाइफ स्टोरीज को देखने का मौका मिलेगा।

यह भी पढ़ें- ‘बॉलीवुड गॉसिप’ है प्रियंका चोपड़ा से शादी का सबसे मजेदार हिस्सा, दिखाई वो पहली चैट जिससे हुई थी प्यार की शुरूआत

‘जी.डी.एन.’

ये फिल्म भारत के महान आविष्कारक और बिजनेसमैन गोपालस्वामी दोराईस्वामी नायडू की जिंदगी पर आधारित है। उनके किरदार को पर्दे पर आर. माधवन निभाते दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन कृष्णकुमार रामाकुमार ने किया है। ये एक पीरियड ड्रामा फिल्म है जो पैन इंडिया रिलीज की जाएगी। दर्शक इसे तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और हिंदी भाषा में देख सकेंगे। ये फिल्म 17 जुलाई को रिलीज होगी।

यह फिल्म ‘भारत के एडिसन’ के नाम से मशहूर जी.डी. नायडू के प्रेरणादायक जीवन और संघर्षों की कहानी को पर्दे पर उतारती है। इसमें दिखाया गया है कि किस तरह एक साधारण किसान परिवार से आने वाले नायडू ने तमाम चुनौतियों को पार करते हुए इंजीनियरिंग, कृषि और तकनीक के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और कई आविष्कारों से देश को नई दिशा दी।

‘प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी’

अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी फिल्म प्रहार 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में जाने माने पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम की कहानी को दिखाया जाएगा। निकम के किरदार को पर्दे पर राजकुमार राव निभाएंगे, टीजर रिलीज हुआ जिसमें एक्टर का दमदार रोल और एक्टिंग देखने मिली।

फिल्म में उनके अलावा वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उज्ज्वल निकम ने अपने जीवन में कई क्रिमिनल केसों में मुजरिम को सख्त से सख्त सजा दिलवाई है, इस कहानी में उनका सबसे चर्चित केस यानी कि अजमल कसाब केस को दिखाया गया है। कहानी 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों और अजमल कसाब को फांसी दिलाने वाले केस पर बनाई गई है।

‘ईठा’

श्रद्धा कपूर की बहुचर्चित फिल्म ‘ईठा’ दिग्गज लावणी डांसर विथाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है जो पहले 28 अगस्त को रिलीज होने वाली थी लेकिन अब उसकी रिलीज डेट को टाल दिया गया है। मेकर्स की तरफ से नई रिलीज डेट सामने नहीं आई है। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म के लिए एक्ट्रेस ने करीब 15 करोड़ रुपये की फीस ली है।

फिल्म के रिलीज से पहले इसके नाम को लेकर एक कंट्रोवर्सी सामने आई थी, जिसमें डांसर के परिवार ने फिल्म के नाम पर नाराजगी जताई थी। बाद में उनकी बेटी ने इस फिल्म के नाम पर सहमति जताकर इस कंट्रोवर्सी पर विराम लगा दिया था। फिल्म के टीजर को काफी प्यार मिला था, श्रद्धा कपूर को उनकी एक्टिंग के लिए काफी सराहना भी मिली थी।

यह भी पढ़ें- दिल छू जाएगा ‘मुसाफिर कैफे’ का ट्रेलर, सुधा और चंदर की अधूरी मोहब्बत इस दिन OTT पर होगी रिलीज

‘मारिया आईपीएस’

रोहित शेट्टी के डायरेक्शन में बनने वाली फिल्म ‘मारिया आईपीएस’मुंबई के इस जांबाज पुलिस अधिकारी के जीवन पर आधारित है जिन्होंने मुंबई के उन आतंकवादी हमलों को करीब से देखा जिन्हें टीवी पर देखकर भी लोग घबरा गए थे। ये कहानी पुलिस ऑफिसर राकेश मारिया के बारे में होगी, जिनका किरदार फिल्म में एक्टर जॉन अब्राहम निभा रहे हैं।

हालांकि फिल्म की रिलीज डेट के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है लेकिन ये फिल्म रोहित शेट्टी के कॉप युनीवर्स की आगामी फिल्म है जो रियल लाइफ हीरो पर आधारित है। खबर है कि ये फिल्म 15 अगस्त 2026 पर रिलीज हो सकती है लेकिन अभी मेकर्स ने इस पर चुप्पी साधी हुई है।

‘कलाम: द मिसाइल मैन ऑफ इंडिया’

साउथ सुपरस्टार धनुष स्टारर फिल्म कलाम: द मिसाइल मैन ऑफ इंडिया जल्द ही पर्दे पर दिखाई देगी। ये फिल्म भारत के पूर्व राष्ट्रपति और मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की बायोपिक है जिसका अभी सिर्फ ऑफिशियल पोस्टर सामने आया है। इसका निर्देशन ओम राउत करेंगे जो तानाजी जैसी फिल्म बना चुके हैं।

ये फिल्म डॉ. कलाम की प्रसिद्ध आत्मकथा ‘विंग्स ऑफ फायर’ पर आधारित होगी, जिसमें उनके बचपन से लेकर भारत के राष्ट्रपति बनने तक के सफर को दिखाया जाएगा। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट की कोई घोषणा नहीं हुई है।

‘दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी’

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के जीवन पर एक फिल्म आ रही है जिसका नाम है ‘दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी’। विक्रमादित्य मोटवाने के निर्देशन में बनी ये फिल्म अगले साल 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म में सौरव गांगुली के रोल में एक्टर राजकुमार राव को देखा जाएगा, उनके अलावा फिल्म में तान्या मानिकतला (डोना गांगुली के रूप में) और शाश्वत चटर्जी (चंडी गांगुली के रूप में) भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। अभी फिल्म का कोई आधिकारिक ट्रेलर सामने नहीं आया है।

‘मां वंदे’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक जल्द ही सिनेमाघरों में दर्शकों को देखने मिलेगी। फिल्म का नाम नाम है ‘मां वंदे’, जिसका निर्देशन क्रांति तुमार सीएच ने किया है। फिल्म में पीएम मोदी के किरदार में मलयालम एक्टर उन्नी मुकंदन नजर आएंगे। ये फिल्म हिंदी, मलयालम, तेलुगु, तमिल, गुजराती और कन्नड़ भाषा में पैन इंडिया रिलीज की जाएगी।

फिल्म के रिलीज डेट की ऐलान अभी नहीं किया गया है लेकिन फरवरी 2026 में फिल्म का पहला शेड्यूल पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन को फिल्म की तरह देखना दर्शकों के लिए एक अलग एक्सपीरियंस होने वाला है।