फिल्म ‘धुरंधर 2’ इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। बॉलीवुड से लेकर साउथ तक के कई सितारों ने इस मूवी की जमकर तारीफ की है। अब इस लिस्ट में क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा का नाम भी शामिल हो गया है। दोनों ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए आदित्य धर और रणवीर सिंह के काम की तारीफ की है। वहीं, डायरेक्टर ने भी पोस्ट करते हुए दोनों का शुक्रिया अदा किया है।
क्या बोले विराट कोहली?
क्रिकेटर विराट कोहली ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम की स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, “आज फिल्म देखी और कहना पड़ेगा कि भारत में ऐसा सिनेमैटिक एक्सपीरियंस मैंने पहले कभी नहीं देखा। इस फिल्म ने हर तरह की भावना को बाहर ला दिया और लगभग 4 घंटे तक मैं एक बार भी नहीं हिला। आदित्य धर आपकी प्रतिभा और दृढ़ विश्वास आपके काम में साफ झलकता है। आपको सलाम, आप वाकई जीनियस हैं।”
यह भी पढ़ें: ‘FIR से पहले वो आपके भी दोस्त थे’, जाकिर खान के मज़ेदार AIB जोक पर आलिया भट्ट हुईं हैरान
इसके आगे विराट ने लिखा, “हालांकि सभी कलाकारों ने अपने-अपने किरदार में शानदार काम किया, लेकिन रणवीर सिंह आपने इस फिल्म के बाद एक अलग ही लेवल हासिल कर लिया है। आपकी परफॉर्मेंस कमाल से भी बढ़कर थी। बिल्कुल वाओ।”
अनुष्का ने की रणवीर सिंह की तारीफ
वहीं, अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने भी आदित्य धर के काम की तारीफ और रणवीर के अभिनय की तारीफ करते हुए लिखा, “क्या शानदार फिल्म बनाई है आदित्य धर। लगभग 4 घंटे की फिल्म बनाना बहुत बड़े हौसले और यकीन की बात है। यह फिल्म पूरी तरह से बांधे रखती है। ग्रिपिंग, इमर्सिव और बेहद बारीकी से तैयार की गई। आप एक बेहद मौलिक और आत्मविश्वासी फिल्ममेकर हैं।”
अनुष्का ने आगे लिखा, “रणवीर सिंह आपने एक ऐसे किरदार को अपनाया जो जीवन में एक बार मिलता है। वह कमाल का है, आपकी परफॉर्मेंस पूरी तरह फ्लॉलेस है। आर माधवन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी सर और फिल्म का हर एक अभिनेता सभी की परफॉर्मेंस एकदम जबरदस्त है। आप सबके बिना यह मूवी सोची भी नहीं जा सकती। इस फिल्म के पीछे काम करने वाले हर इंसान को बहुत-बहुत बधाई।”
आदित्य ने किया शुक्रिया
इसके बाद आदित्य ने भी दोनों के पोस्ट को अपने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उनका शुक्रिया अदा किया। डायरेक्टर ने अनुष्का के पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा, “आप जैसी असाधारण प्रतिभा से ये सुनना सच में बेहद भावुक कर देने वाला है। बहुत-बहुत धन्यवाद, अनुष्का। यह हमें और बेहतर करने और ऊंचा लक्ष्य रखने की प्रेरणा देता है। ईमानदारी, दिल और मकसद के साथ कहानियां सुनाने की और लगातार ऐसी रचनाएं बनाने की कोशिश करने की जो लोगों को सच में छू जाएं।”
वहीं, उन्होंने विराट के पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा, “वाह! यकीन ही नहीं हो रहा कि ऐसा हो रहा है विराट, यह सचमुच मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं आपके अंडर-19 वर्ल्ड कप के दिनों से ही आपका फैन रहा हूं। एक जेनरेशन में एक बार आने वाले लेजेंड से ऐसा प्यार मिलना सच में अलग ही एहसास देता है। आप जिस तरह हर बार मैदान पर उतरकर देश का नाम रोशन करते हैं, वो हमें प्रेरित करता है। हम भी अपनी छोटी-सी कोशिश में अपनी फिल्मों के जरिए भारत को गर्व महसूस कराने की कोशिश करते रहेंगे, जय हिंद।”
