टेलीविजन की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता विनीत रैना इन दिनों अपनी नई सीरीज Scam 2024 – The Digital Arrest Story को लेकर चर्चा में हैं। यह सीरीज डिजिटल अरेस्ट जैसे गंभीर साइबर अपराध पर आधारित है, जिसमें ठग पुलिस या जांच एजेंसियों का अधिकारी बनकर लोगों को गिरफ्तारी का डर दिखाते हैं और उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं। इस सीरीज में विनीत राज ठाकुर नाम के एक सस्पेंडेड पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं।

जनसत्ता के साथ खास बातचीत में विनीत ने अपने किरदार बाकी प्रोजेक्ट जैसे कई मुद्दों पर बात की। उन्होंने ये भी खुलासा किया कि उनकी मां भी डिजिटल अरेस्ट की घटना का शिकार होते-होते बची थीं।

मां को भी बनाया गया डिजिटल अरेस्ट स्कैम का निशाना

डिजिटल अरेस्ट स्कैम के बारे में बात करते हुए विनीत ने बताया कि उनकी मां को भी ठगों ने निशाना बनाने की कोशिश की थी। उस वक्त वह शूटिंग कर रहे थे और उनका सेट काफी दूर था, जहां नेटवर्क की समस्या थी। हालांकि उन्होंने अपनी मां को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल दुनिया से जुड़े जोखिमों के बारे में बताया हुआ था तो वो इस स्कैम में फंसने से बच गईं।

इसलिए चुना राज ठाकुर का किरदार

सीरीज में अपने किरदार राज ठाकुर के बारे में विनीत ने बताया कि मनोरंजन के जरिए लोगों को जागरूक करना इस प्रोजेक्ट की खास बात है। उन्होंने कहा कि उनके लिए ऐसे विषय पर काम करना अच्छा अनुभव रहा, जिससे दर्शकों को मनोरंजन के साथ एक जरूरी संदेश भी मिल सके।

यह भी पढ़ें: Ramayana के प्रोड्यूसर ने 2008 में गंवा दी थी 90% दौलत, अब 4000 करोड़ की फिल्म पर लगाया दांव

पुलिस अधिकारी के किरदारों को लेकर विनीत ने बताया कि उनका परिवार डिफेंस बैकग्राउंड से आता है। उनके परिवार में कोई कर्नल रहा है, तो कोई डीएसपी। अभिनेता ने कहा कि अगर वह एक्टर नहीं होते, तो शायद डिफेंस या पुलिस की नौकरी में होते। बचपन से उन्होंने अपने परिवार के लोगों को आर्मी और बीएसएफ की वर्दी में देखा है। यही वजह है कि पुलिस से जुड़े किरदार निभाने में उनकी दिलचस्पी रही है। वह इससे पहले भी ऐसे किरदार निभा चुके हैं और जी5 पर आने वाली अपनी एक सीरीज में भी कॉप की भूमिका में नजर आएंगे।

माइक्रोड्रामा में काम करना क्यों है चुनौतीपूर्ण?

टेलीविजन से फिल्मों और अब माइक्रोड्रामा तक अलग-अलग फॉर्मेट में काम करने के अनुभव पर विनीत ने बताया कि स्टोरी टेलिंग, प्रोसेस सब एक ही जैसा होता है। लेकिन हर फॉर्मेट की अपनी चुनौतियां होती हैं।

उन्होंने कहा कि डेली सोप के मुकाबले माइक्रोड्रामा में काम करने के लिए समय काफी कम मिलता है। यहां करीब 90 मिनट की कहानी को दो से तीन मिनट के छोटे-छोटे एपिसोड में पेश किया जाता है। ऐसे प्रोजेक्ट की शूटिंग तीन से चार दिनों में पूरी करनी होती है। इतने कम समय में काम पूरा करना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन इसके बावजूद क्वालिटी और परफॉर्मेंस से समझौता नहीं किया जा सकता।

नए कलाकारों के लिए खुल रहे हैं मौके

माइक्रोड्रामा और डिजिटल प्लेटफॉर्म को लेकर विनीत ने कहा कि इस नए फॉर्मेट ने कलाकारों के लिए कई संभावनाएं पैदा की हैं। उन्होंने इसकी तुलना क्रिकेट में आईपीएल से करते हुए कहा कि जिस तरह आईपीएल ने क्रिकेट में नए खिलाड़ियों को मौके दिए और खेल के स्वरूप को बदला, उसी तरह डिजिटल वर्टिकल भी मनोरंजन जगत में नए अवसर लेकर आया है।

उनका मानना है कि इस फॉर्मेट के जरिए नए टैलेंट को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है। कलाकारों के लिए यह एक नया मंच है, जहां वे अलग-अलग तरह की कहानियों और किरदारों के साथ प्रयोग कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें: ‘रावण इतना भी बुरा नहीं था’, साई पल्लवी की बात पर भड़के यूजर्स, वायरल हुआ बयान

इंटरनेशनल प्रोजेक्ट पर काम करने का अनुभव कैसा रहा?

विनीत इस साल की शुरुआत में अंग्रेजी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘ऑन डिफ्रेंट ग्राउंड्स’ में भी काम कर चुके हैं। भारतीय और इंटरनेशनल प्रोजेक्ट के बीच अंतर के बारे में उन्होंने कहा कि फिल्म बनाने की बुनियादी प्रक्रिया हर जगह लगभग एक जैसी होती है, लेकिन काम करने का तरीका अलग हो सकता है।

उन्होंने बताया कि इंटरनेशनल प्रोजेक्ट के सेट पर काम काफी तरीके से किया जाता था। वहां सेट पर शांति रहती थी और कलाकारों के पहुंचने से पहले ही बाकी तैयारियां पूरी कर ली जाती थीं। शूटिंग शुरू होने से पहले सब रिहर्सल किया करते थे। शूटिंग के दौरान सिर्फ शूटिंग ही की जाती थी।

विनीत ने कहा कि भारत में भी कुछ जगहों पर इस तरह काम होता है, लेकिन यह तरीका हर प्रोडक्शन में देखने को नहीं मिलता। अब वह खुद प्रोडक्शन शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं और अपने काम को भी इसी तरह की व्यवस्थित तरीके से करना चाहते हैं। उनका मानना है कि इस तरह से प्रोडक्टिविटी बेहतर होती है।