बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता विक्रांत मैसी का सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा। आज भले ही वह इंडस्ट्री के बेहतरीन कलाकारों में गिने जाते हों, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब उन्हें अपनी पढ़ाई और परिवार का खर्च उठाने के लिए महज 16 साल की उम्र में काम करना पड़ा।

हाल ही में विक्रांत ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने कॉफी शॉप में टेबल साफ करने से लेकर 24 साल की उम्र में अपना पहला घर खरीदने तक का सफर तय किया।

एफएलओ बेंगलुरु के साथ खास बातचीत के दौरान विक्रांत मैसी ने कहा कि आर्थिक हालत सुधारना उनके परिवार के लिए सबसे बड़ी जरूरत थी। इस बारे में बात करते हुए विक्रांत ने कहा, “मैं एक साधारण मिडिल क्लास परिवार से हूं। 16 साल की उम्र में मैंने काम करना शुरू कर दिया था। उस उम्र में कोई भी बच्चा घर का आराम छोड़कर नौकरी नहीं करना चाहता, लेकिन मुझे अपनी पढ़ाई और परिवार की आर्थिक मदद के लिए कॉफी शॉप में टेबल साफ करने का काम करना पड़ा।”

उन्होंने आगे कहा, “आज पीछे मुड़कर देखता हूं तो लगता है कि अगर जिंदगी ने मुझे वह संघर्ष नहीं दिया होता, तो शायद मैं आज यहां नहीं होता। 24 साल की उम्र में जब मैंने अपना छोटा-सा पहला घर खरीदा, तब मैंने अपनी मां की सबसे बड़ी इच्छा पूरी की। मां हमेशा कहती थीं कि जिंदगी में कुछ भी हो जाए, लेकिन अपना एक घर जरूर होना चाहिए।”

यह भी पढ़ें: ‘मैं अपनी आजादी…’, क्या दोबारा प्यार में पड़ेंगी आकांक्षा चमोला, गौरव खन्ना से तलाक की घोषणा के बाद एक्ट्रेस ने कही ये बात

दोस्तों से छिपाते थे नौकरी की बात

विक्रांत ने बताया कि उस समय उन्हें अपने दोस्तों को यह बताने में शर्म आती थी कि वह नौकरी करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “जब मैं घर से निकलता था तो दोस्त मैदान में क्रिकेट या फुटबॉल खेल रहे होते थे। वे पूछते थे कि कहां जा रहे हो, लेकिन मेरे पास कोई जवाब नहीं होता था। उस उम्र में यह बताने में शर्म आती थी कि मैं परिवार की मदद के लिए पैसे कमाने जा रहा हूं।”

उन्होंने कहा कि कम उम्र में जिम्मेदारियां उठाने की वजह से उन्हें समय से पहले ही बड़ा होना पड़ा। दोस्तों को खेलते, फिल्में देखते और त्योहार मनाते देख उन्हें दुख जरूर होता था, लेकिन आज वही अनुभव उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी ताकत बन गए हैं।

पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए शुरू की थी नौकरी

विक्रांत ने बताया कि उन्होंने कॉलेज की फीस, ट्रेन पास और दूसरे जरूरी खर्च पूरे करने के लिए काम करना शुरू किया था। आज हालात इतने बदल चुके हैं कि वह और उनकी पत्नी अपने बेटे के लिए देश के बेहतरीन स्कूलों के विकल्प देख रहे हैं।

उन्होंने कहा, “उस समय मैं अपनी कॉलेज फीस भरने के लिए काम करता था, लेकिन आज हम अपने बेटे के लिए देश के सबसे अच्छे स्कूलों के ब्रोशर देख रहे हैं। जिंदगी का यह सफर किसी सपने जैसा लगता है।”

यह भी पढ़ें: ‘उस समय मैं डरा हुआ था’, जब ‘मिर्जापुर’ सीरीज करने से पहले असमंजस में थे अली फजल, बोले- कोई भी मुझे…

यारी रोड की कॉफी शॉप से शुरू हुआ सफर

विक्रांत मैसी ने अपने करियर की शुरुआत स्कूल के दिनों में एक छोटे-से फोटोशूट से की थी, जिसके लिए उन्हें 200 रुपये मिले थे। इसके बाद 10वीं कक्षा के दौरान उन्होंने श्यामक दावर के डांस ग्रुप में काम किया और साथ ही मुंबई के वर्सोवा स्थित यारी रोड की एक कॉफी शॉप में नौकरी भी की।

एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उस इलाके की कॉफी शॉप्स में अक्सर फिल्मी दुनिया के लोग आते थे। उन्हें उम्मीद थी कि नौकरी करने के साथ-साथ शायद किसी दिन फिल्मों में काम करने का मौका भी मिल जाए। उस समय उनके पास एक कप कॉफी खरीदने तक के पैसे नहीं होते थे। चूंकि वह नाबालिग थे, इसलिए कैफे की मालिक ने उनकी असली उम्र छिपाकर उन्हें काम पर रखा था।

विक्रांत ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने एक एयरलाइन की नौकरी के लिए शुरुआती शुरुआत का राउंड पास कर लिया था, लेकिन इसी बीच उन्हें टीवी में अभिनय के मौके मिलने लगे। इसके बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर एक्टिंग को ही अपना करियर बनाने का फैसला किया।

विक्रांत के वर्क फ्रंट की बात करें तो वो जल्द ही राजकुमार हिरानी द्वारा निर्मित और अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी आगामी वेब सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ में नजर आएंगे।