तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय इन दिनों पत्नी द्वारा तलाक की याचिका दायर किए जाने की वजह से चर्चा में हैं। तलाक की चर्चा के बीच अभिनेता हाल ही में अभिनेत्री तृषा कृष्णन के साथ एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दिखे। उनके इस अपीयरेंस ने सोशल मीडिया पर चर्चा बढ़ा दी है।

चेन्नई में साथ दिखे विजय और तृषा

गुरुवार को चेन्नई में बिजनेसमैन और फिल्म प्रोड्यूसर कलपति ए. सुरेश और मीनाक्षी सुरेश के बेटे के वेडिंग रिसेप्शन में कई फिल्मी सितारे शामिल हुए। इसी समारोह में विजय और तृषा एक साथ पहुंचे।

दोनों वेन्यू पर साथ एक ही कार से आए, साथ ही नवविवाहित जोड़े के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और बाद में वहां से एकसाथ निकलते हुए भी दिखाई दिए। निजी जिंदगी को लेकर जहां लगातार विजय सुर्खियों में हैं वहां तृषा के साथ दिखने की वजह से वो और ज्यादा चर्चा में आ गए।

विजय देवरकोंडा ने क्यों कही रिसेप्शन के बाद रश्मिका मंदाना संग अंडरग्राउंड होने की बात, जानें पूरा मामला

ट्रेडिशनल लुक में दिखे दोनों स्टार

रिसेप्शन में विजय गोल्डन रंग की सिल्क शर्ट और पारंपरिक वेष्टी में नजर आए। वहीं तृषा ने सफेद और गोल्डन रंग की प्योर सिल्क साड़ी पहनी थी, जिसके बॉर्डर पर लाल रंग की डिजाइन थी। उन्होंने इस साड़ी को स्लीवलेस रेड ब्लाउज और ग्रीन एमराल्ड स्टेटमेंट नेकलेस के साथ स्टाइल किया।

तलाक याचिका में क्या लगाए गए आरोप

विजय की पत्नी संगीता ने हाल ही में अदालत में तलाक की याचिका दाखिल की है। याचिका में उन्होंने आरोप लगाया है कि अभिनेता का एक अन्य अभिनेत्री के साथ कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर था, जिससे उन्हें गहरा इमोशनल और मेंटल ट्रॉमा हुआ।

उन्होंने यह भी दावा किया कि विजय ने पहले इस रिश्ते को खत्म करने का भरोसा दिया था, लेकिन कथित तौर पर यह संबंध जारी रहा।

याचिका में यह भी कहा गया है कि सितंबर 2021 से फरवरी 2022 और फिर अगस्त 2024 से फरवरी 2025 के बीच कानूनी और निजी बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका।

संगीता ने अदालत से विवाह को “अपरिवर्तनीय रूप से टूट चुका” बताते हुए तलाक के साथ विजय की आय और हैसियत के अनुसार स्थायी गुजारा भत्ता और नीलांगरई स्थित वैवाहिक घर में रहने का अधिकार या समान आवास की मांग की है। साथ ही उन्होंने मामले की सुनवाई बंद कमरे में करने की भी अपील की है ताकि सभी की निजता बनी रहे।

कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं विजय और तृषा

विजय और तृषा कृष्णन की जोड़ी तमिल सिनेमा की लोकप्रिय जोड़ियों में गिनी जाती है। दोनों कई हिट फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं, जिनमें ‘गिल्ली’ (2004), ‘थिरुपाची’ (2005), ‘आथी’ (2006), ‘कुरुवी’ (2008) और हाल ही में रिलीज़ हुई ‘लियो’ (2023) शामिल हैं।

इन फिल्मों में उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। हालांकि इस समय दोनों का एक साथ नजर आना विजय की निजी जिंदगी को लेकर चल रही चर्चाओं के कारण और भी ज्यादा सुर्खियों में है।