अभिनेता से राजनेता बने तमिलनाडु के सीएम जोसेफ विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ अपनी रिलीज की वजह से चर्चा में थी। अब फिल्म को सीबीएफसी की तरफ से हरी झंडी मिल गई है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म ‘जन नायकन’ को ए सर्टिफिकेट के साथ मंजूरी दे दी है। मेकर्स ने सेंसर बोर्ड की मंजूरी के तुरंत बाद फिल्म को 24 जुलाई 2026 को रिलीज करने की घोषणा भी कर दी है।
करीब छह महीने तक सिनेमाघरों में रिलीज का इंतजार करने के बाद अब फिल्म के लिए रास्ता साफ हो गया है। सूत्रों ने स्क्रीन को पुष्टि करते हुए पहले बताया था कि सीबीएफसी ने विजय की इस फिल्म की समीक्षा प्रक्रिया पूरी कर ली है और सर्टिफिकेशन के लिए जरूरी बदलावों की सूची प्रोडक्शन टीम को सौंप दी है।
यह भी पढ़ें- हिंदू और सिख उंगली और नाखून की तरह हैं’; ‘सतलुज’ विवाद पर रणवीर शौरी की पंजाबी हिंदुओं से अपील
उन सभी जरूरी बदलावों के बाद मेकर्स को फिल्म रिलीज करने की मंजूरी मिल गई है। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने फिल्म को ए सर्टिफिकेट दे दिया है, जिसके साथ ही लंबे समय से चल रही सर्टिफिकेशन प्रक्रिया का अंत हो गया। फिल्म को एडल्ट कैटगरी में रिलीज किया जाएगा। यह मामला हाल के कुछ सालों में तमिल सिनेमा के सबसे चर्चित सेंसर विवादों में से एक बन गया था।
केवीएन प्रोडक्शंस के बिजनेस हेड और निर्माता सुप्रीथ मोहन ने स्क्रीन से बातचीत में पुष्टि की कि सीबीएफसी ने ‘जन नायकन’ को ए सर्टिफिकेट जारी कर दिया है। साथ ही उन्होंने कहा, “हम 24 जुलाई को फिल्म को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने जा रहे हैं।”
‘जन नायकन’ को शुरुआत में पोंगल से पहले 9 जनवरी को रिलीज किया जाना था और इसके लिए फिल्म को 19 दिसंबर 2025 को सीबीएफसी के पास भेजा गया था। आमतौर पर सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया कुछ हफ्तों में पूरी हो जाती है, लेकिन जांच समिति की तरफ से कुछ बदलाव सुझाए जाने के बाद फिल्म महीनों तक अटकी रही।
यह भी पढ़ें- ‘बाघ उसकी दहाड़, नंदी उसकी शक्ति’, सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘द वन’ की रिलीज डेट से उठा पर्दा
सीएम बनने से पहले विजय ने आखिरी बार इस फिल्म में अभिनय किया और रिलीज में लगातार हो रही देरी के बीच निर्माता कंपनी केवीएन प्रोडक्शंस ने आखिरकार हाई कोर्ट का रुख किया और दलील देते हुए बताया कि सर्टिफिकेशन में फंसे मामले की वजह से फिल्म की थिएटर रिलीज की योजना पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
हालांकि, अदालत पहुंचने के बाद भी कई महीनों तक इस मुद्दे का समाधान नहीं निकल सका और अब फाइनली दर्शकों का इंतजार खत्म होने वाला है। 24 जुलाई को फिल्म पैन इंडिया रिलीज की जाएगी। हिंदी डब वर्जन में इसे ‘जन नेता’ नाम से रिलीज किया जाएगा, और रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म को ‘जी स्टूडियोज’ द्वारा पैन इंडिया रिलीज करने की तैयारी है।
