विजय सेतुपति अपनी दमदार एक्टिंग के साथ-साथ अपने स्पष्टता और समझदारी को लेकर भी जाने जाते हैं। वो एक्टर होने के बावजूद अपनी सीमाओं का बखूबी ख्याल रखते हैं। फिल्म ‘महाराजा’ की रिलीज से पहले दिए गए एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने एक ऐसे फैसले पर बात की थी, जिसने उस समय काफी चर्चा बटोरी थी।
विजय ने बताया था कि उन्होंने एक फिल्म में कृति शेट्टी के साथ रोमांटिक सीन करने से साफ इनकार कर दिया था और इसके पीछे की वजह से लोगों के मन में उनके लिए सम्मान और भी बढ़ गया।
अपनी फिल्म ‘महाराजा’ के प्रमोशन के दौरान विजय सेतुपति ने खुलासा किया था कि वो कृति शेट्टी से उम्र में बहुत बडे़ हैं, इसलिए उन्होंने उनके साथ रोमांटिक सीन करने से इनकार कर दिया था। कृति शेट्टी उनसे लगभग 25 साल छोटी हैं, इसलिए विजय सेतुपति ने ऐसे सीन करने में असहजता महसूस की और उन्हें करने से मना कर दिया।
यह भी पढ़ें: ‘महाराजा’ के बाद अब बिंज-वॉच करें विजय सेतुपति की ये क्राइम थ्रिलर सीरीज, क्लाइमैक्स कर देगा हैरान
साल 2024 में बिहाइंडवूड्स टीवी को दिए इंटरव्यू में विजय ने कहा था, “मैंने फिल्म ‘डीएसपी’ में कृति शेट्टी के साथ जोड़ी बनाने का प्रस्ताव ठुकरा दिया था। ‘उप्पेना’ में मैं उनके पिता का किरदार निभा चुका था, लेकिन ‘डीएसपी’ के निर्माताओं को इसकी जानकारी नहीं थी।
उन्होंने आगे बताया, “‘उप्पेना’ की शूटिंग के दौरान एक सीन को लेकर कृति काफी घबराई हुई थीं। तब मैंने उनसे कहा था कि मुझे अपने असली पिता की तरह समझकर यह सीन करें। कृति की उम्र मेरे बेटे से भी थोड़ी ही ज्यादा है। ऐसे में मैंने साफ कह दिया कि मैं उनके साथ रोमांटिक किरदार नहीं निभा सकता।”
विजय सेतुपति के इस बयान की उस समय सोशल मीडिया पर काफी सराहना हुई थी। कई फैंस ने इसे उनकी संवेदनशील सोच और मर्यादाओं का सम्मान करने वाला फैसला बताया।
बुच्ची बाबू सना के निर्देशन में बनी ‘उप्पेना’ में विजय सेतुपति ने कृति शेट्टी के पिता का किरदार निभाया था। यह फिल्म कृति की डेब्यू फिल्म थी और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुई। फिल्म में विजय की दमदार अदाकारी और कृति के साथ उनके इमोशनल सीन को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा था। बाद में जब फिल्म ‘डीएसपी’ में दोनों को रोमांटिक जोड़ी के रूप में लेने की बात हुई, तो विजय सेतुपति ने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
