‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ से घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता शैलेश लोढ़ा ने हाल ही में अपनी बेटी स्वरा लोढ़ा की शादी की। स्वरा ने जोधपुर के ऐतिहासिक उमैद भवन पैलेस में शाही अंदाज में सात फेरे लिए। शादी का समारोह निजी रखा गया था, लेकिन इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
इन वायरल वीडियो में सबसे ज्यादा ध्यान अभिनेता विक्की कौशल ने खींचा। सफेद शेरवानी जैकेट और काले ट्राउजर में पहुंचे विक्की न सिर्फ शादी में शामिल हुए, बल्कि पूरे समारोह में परिवार के सदस्य की तरह नजर आए। वीडियो में वह बारातियों का स्वागत करते, शैलेश लोढ़ा की पगड़ी ठीक करते, दुल्हन स्वरा को गले लगाते और शादी की खुशियों में पूरे उत्साह के साथ शामिल होते दिखाई दे रहे हैं।
एक अन्य वीडियो में वरमाला के दौरान शैलेश लोढ़ा अपनी बेटी को दुल्हन के रूप में देखकर भावुक नजर आए। इसके बाद नवविवाहित जोड़े ने स्वरा के माता-पिता और दादा-दादी के साथ पारिवारिक तस्वीरें भी खिंचवाईं।
यह भी पढ़ें: विक्की कौशल या कैटरीना कैफ? किसके जैसा दिखता है बेटा विहान, दादा शाम कौशल ने किया खुलासा
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही फैंस विक्की कौशल की मौजूदगी देखकर हैरान रह गए। कई यूजर्स ने उनके सादगी भरे व्यवहार की तारीफ की। किसी ने पूछा कि क्या विक्की और शैलेश अच्छे दोस्त हैं, तो कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में ‘जेठालाल’ यानी दिलीप जोशी की गैरमौजूदगी पर भी सवाल उठाए।
यह भी पढ़ें: कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, यूं ही कोई बेवफा नहीं होता; TMKOC शो छोड़ने पर बोले शैलेश लोढ़ा
दरअसल, शैलेश लोढ़ा और विक्की कौशल के बीच अच्छी दोस्ती है। कुछ समय पहले शैलेश ने विक्की के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए उनकी जमकर तारीफ की थी। उन्होंने लिखा था कि अपार सफलता और लोकप्रियता हासिल करने के बावजूद विक्की आज भी उतने ही विनम्र और जमीन से जुड़े हुए हैं, और यही बात उन्हें सबसे अलग बनाती है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो शैलेश लोढ़ा आखिरी बार टीवी शो ‘एडवोकेट अंजलि अवस्थी’ में एडवोकेट रमेश पटेल की भूमिका में नजर आए थे। वहीं विक्की कौशल जल्द ही संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में आलिया भट्ट और रणबीर कपूर के साथ दिखाई देंगे।
