मराठी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री और मशहूर लावणी नृत्यांगना मधु काबीकर का निधन हो गया है। उन्होंने 12 अक्टूबर, सोमवार को 73 साल की उम्र में उन्होंने पुणे में आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं।
मधु कांबीकर ने मराठी फिल्मों, थिएटर और पारंपरिक लोक कलाओं में अपने काम से खास पहचान बनाई थी। चार दशक से भी लंबे करियर में उन्होंने मनोरंजन जगत में अपनी अलग जगह बनाई। हालांकि, उनकी पहचान सिर्फ मराठी सिनेमा तक सीमित नहीं थी। उन्होंने कई हिंदी फिल्मों में भी काम किया और हिंदी दर्शकों के बीच भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
कौन थीं मधु कांबीकर?
मधु कांबीकर का जन्म 28 जुलाई 1953 को हुआ था। वह अभिनेत्री होने के साथ-साथ थिएटर कलाकार, लोक कलाकार और टेलीविजन की दुनिया से भी जुड़ी रही थीं। उन्होंने मराठी मनोरंजन जगत में खासकर 1980 के दशक में अपनी पहचान बनाई। फिल्मों के अलावा थिएटर और पारंपरिक लोक प्रस्तुतियों में भी उनका योगदान रहा। उनकी अदाकारी और लावणी नृत्य ने उन्हें महाराष्ट्र के मनोरंजन जगत में एक जाना-पहचाना नाम बनाया।
मधु कांबीकर ने मशहूर मराठी अभिनेता और फिल्म निर्माता दादा कोंडके के साथ भी काम किया था। वह उनके साथ ‘येऊ का घरात’ और ‘मला घेऊन चला’ जैसी फिल्मों में नजर आई थीं। इन फिल्मों के जरिए मराठी सिनेमा में उनके योगदान को और पहचान मिली।
हिंदी फिल्मों में भी किया था काम
मधु कांबीकर ने अपने करियर में कई हिंदी फिल्मों में भी अभिनय किया। उन्होंने ज्यादातर चरित्र भूमिकाएं निभाईं और हिंदी सिनेमा के कई जाने-माने कलाकारों के साथ काम किया। उनकी हिंदी फिल्मों में ‘सूत्रधार’ (1987), ‘सातवां आसमान’ (1992), ‘विश्वविनायक’ (1994), ‘हम दोनों’ (1995), ‘यशवंत’ (1997) और ‘ट्यून मेरा दिल ले लिया’ (2000) के नाम शामिल हैं।
नाना पाटेकर के साथ किया था काम
मधु ने नाना पाटेकर के साथ भी काम किया था। वह फिल्म ‘सूत्रधार’ में उन्होंने नाना पाटेकर, स्मिता पाटिल और गिरीश कर्नाड जैसे कलाकारों के साथ नजर आई थीं। इसके अलावा, वह नाना पाटेकर की फिल्म ‘यशवंत’ में भी नजर आई थीं। वहीं, महेश भट्ट के निर्देशन में बनी ‘सातवां आसमान’ में विवेक मुशरान और पूजा भट्ट मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म ‘हम दोनों’ में उन्होंने ऋषि कपूर के साथ स्क्रीन साझा की थी।
यह भी पढ़ें: ‘वेलकम’ से हंसाया, फिर रुलाकर चले गए नाना पाटेकर, अब कहां है फिल्म के बाकी सितारे?
मराठी फिल्मों में उनके काम के साथ-साथ हिंदी फिल्मों में निभाई गई भूमिकाएं भी उनके लंबे अभिनय सफर का हिस्सा रहीं। अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों में काम करके उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
लावणी डांस से मिली खास पहचान
मधु कांबीकर की पहचान सिर्फ एक अभिनेत्री के तौर पर नहीं थी। वह महाराष्ट्र की पारंपरिक लोक कला लावणी की प्रसिद्ध कलाकार भी थीं। मधु कांबीकर ने अपनी परफॉर्मेंस के जरिए इस पारंपरिक कला को लोकप्रिय बनाने में योगदान दिया। अभिनय और लोक कला के बीच संतुलन बनाते हुए उन्होंने कई दशकों तक दर्शकों का मनोरंजन किया। मराठी फिल्मों, थिएटर और लावणी में उनके काम ने उन्हें महाराष्ट्र के सांस्कृतिक और मनोरंजन जगत में एक खास पहचान दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान बिगड़ी थी तबीयत
उनकी जिंदगी में एक मुश्किल दौर भी आया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2016 में एक लावणी कार्यक्रम के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें लकवे का दौरा पड़ा था। इसके बाद से उनकी सेहत लगातार प्रभावित रही।
मधु कांबीकार को मिले थे कई सम्मान
अपने करियर के दौरान मधु कंबिकर को उनके काम के लिए कई सम्मान मिले। इनमें एक फिल्मफेयर मराठी अवॉर्ड और छह महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार शामिल हैं। इन पुरस्कारों के जरिए मराठी मनोरंजन जगत में उनके योगदान को सराहा गया। साल 2018 में उन्हें जी चित्र गौरव अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
देवेंद्र फडणवीस ने दी श्रद्धांजलि
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मधु कांबीकर के निधन पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “वरिष्ठ अभिनेत्री मधु कांबीकर के निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने फिल्मों, लोकनाट्य, व्यावसायिक रंगमंच और टीवी सीरियल्स में कई अहम भूमिकाएं निभाईं। हेच माझं माहेर, रघुमैना, एक होता विदूषक, झपाटलेला, देबू और येऊ का घरात जैसी फिल्मों में उनके निभाए किरदार हमेशा दर्शकों की यादों में बसे रहेंगे।”
“अभिनय और नृत्य का खूबसूरत संगम पेश करते हुए उन्होंने ग्रामीण जीवन से जुड़ी लोककलाओं को लोकप्रिय बनाने के लिए लगातार काम किया। चार दशकों से अधिक समय तक कला के क्षेत्र में सक्रिय रहकर उन्होंने मराठी मनोरंजन जगत को समृद्ध किया। उनके इस योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस दुख की घड़ी में हम उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ऊं शांति।”
