लक्ष्मीकांत–प्यारेलाल की जोड़ी ने बॉलीवुड इंडस्ट्री को कई सुपरहिट गाने दिए और इस समय में प्यारेलाल के साथ उनकी पत्नी सुनीला शर्मा हमेशा खड़ी रही। लेकिन अब यह साथ हमेशा के लिए छूट गया है। 13 जुलाई, सोमवार को प्यारेलाल की पत्नी सुनीला का निधन हो गया। उन्होंने मुंबई में 78 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उसी दिन सांताक्रूज श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। बता दें कि बढ़ती उम्र की वजह से प्यारेलाल ठीक से चल नहीं पाते, इसलिए उन्होंने व्हीलचेयर पर बैठकर पत्नी के अंतिम संस्कार की सभी रस्में निभाईं।
परिवार ने दी थी सुनीला के निधन की जानकारी
सोमवार को परिवार ने एक बयान जारी कर सुनीला प्यारेलाल के निधन की जानकारी दी। सुनीला को प्यार से “अम्मा” कहा जाता था और निधन के समय उनकी उम्र 78 साल थी। परिवार के बयान में कहा गया, “अम्मा ने प्यार, समर्पण और सादगी से भरा जीवन जिया। वह हर किसी के लिए बिना शर्त प्यार और सहारे का स्तंभ थीं। हमारे दिल दुखी हैं, लेकिन इस बात से सुकून है कि अब उन्हें शांति मिल गई है। आपका सफर बहुत खूबसूरती से पूरा हुआ, अम्मा। आप शांति से विश्राम करें।”
यह भी पढ़ें: ‘मुझे कई बार नजरअंदाज किया गया’, 7 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे गोविंदा, नई फिल्म ‘रूपा’ का किया ऐलान
अंतिम संस्कार में शामिल हुए कई कलाकार
प्यारेलाल की पत्नी के अंतिम संस्कार में हिंदी फिल्म और संगीत जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं। इनमें गायक सुधेश भोसले, शब्बीर कुमार, रेडियो होस्ट आरजे अनमोल और फिल्ममेकर सुभाष घई भी मौजूद रहे।
सुभाष घई ने जताया दुख
जाने-माने फिल्ममेकर सुभाष घई ने लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल के साथ ‘हीरो’ (1983), ‘कर्ज’ (1980), ‘राम लखन’ (1989) और ‘खलनायक’ (1993) जैसी हिट फिल्मों में काम किया था। उन्होंने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में सुनीला, प्यारेलाल, उनकी बेटी मुस्कान और खुद सुभाष घई नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक इमोशनल नोट भी लिखा।
उन्होंने लिखा, “श्रीमती सुनीला प्यारेलाल हमें छोड़कर चली गईं और मुझे इस खबर पर यकीन नहीं हुआ। पिछले महीने मैं अपनी बेटी के साथ प्यारेलाल जी के घर उनसे और सुनीला जी से मिलने गया था। हमने साथ में बहुत अच्छा समय बिताया था।” सुभाष घई ने बताया कि वह 1976 से इस परिवार को जानते हैं और कई बार उनके घर जा चुके हैं।
घई ने पोस्ट में आगे आगे लिखा, “वह हमेशा मुस्कुराने वाली महिला थीं और हमारे बेहद सरल, ईमानदार और प्रतिभाशाली प्यारेलाल जी की सबसे बड़ी ताकत थीं। मैं सोच सकता हूं कि प्यारेलाल जी के लिए यह कितनी बड़ी क्षति है। हम सभी प्रार्थना करते हैं कि उन्हें यह दुख सहने की शक्ति मिले और उनका स्वास्थ्य अच्छा बना रहे। हम सभी आपके साथ हैं प्यारेलाल जी। मजबूत रहिए और हम आपके नए संगीत का इंतजार करेंगे।”
कौन थे लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल?
लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की जोड़ी में लक्ष्मीकांत शांताराम कुडालकर और प्यारेलाल रामप्रसाद शर्मा शामिल थे। दोनों ने तीन दशकों से ज्यादा समय तक साथ काम किया और 750 से अधिक फिल्मों में संगीत दिया। इसमें ‘हमजोली’ (1970), ‘आन मिलो सजना’ (1970), ‘बॉबी’ (1973) और ‘ड्रीम गर्ल’ (1977) जैसी फिल्मों के यादगार गीत और संगीत तैयार किए। 1998 में लक्ष्मीकांत के निधन के बाद प्यारेलाल ने चुनिंदा प्रोजेक्ट्स पर काम किया।
