फिल्म निर्माता वाशु भगनानी की कंपनी पूजा एंटरटेनमेंट और रमेश तौरानी की टिप्स इंडस्ट्रीज के बीच कानूनी विवाद अब बड़ा रूप ले चुका है। पूजा एंटरटेनमेंट ने बॉम्बे हाईकोर्ट में 400 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया है। आरोप है कि वरुण धवन की आगामी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में 1999 की सुपरहिट फिल्म ‘बीवी नंबर 1’ के गानों ‘चुनरी चुनरी’ और ‘इश्क सोना है’ का बिना अनुमति इस्तेमाल किया गया है।

याचिका में फिल्म की रिलीज, वितरण, स्ट्रीमिंग और प्रमोशनल कंटेंट पर रोक लगाने की मांग की गई है। साथ ही फिल्म के टाइटल को बदलने की भी मांग की गई है, क्योंकि इसका नाम ही “इश्क सोना है” गाने से लिया गया बताया जा रहा है।

पूजा एंटरटेनमेंट ने क्या आरोप लगाए?

पूजा एंटरटेनमेंट का कहना है कि ‘बीवी नंबर 1’ के गानों के वीडियो राइट्स अब भी उनके पास हैं और टिप्स इंडस्ट्रीज के पास केवल ऑडियो राइट्स थे। कंपनी का आरोप है कि बिना किसी वैध अनुमति के इन गानों का व्यावसायिक इस्तेमाल किया गया।

यह भी पढ़ें: OTT Release This Week: वीकेंड हुआ एंटरटेनिंग, ‘जॉली एलएलबी 2’ समेत OTT पर रिलीज हुईं ये फिल्में और सीरीज

वकील ने क्या कहा?

पूजा एंटरटेनमेंट की ओर से पेश वकील वीके दुबे ने ANI से कहा, “हमने टिप्स म्यूजिक कंपनी के खिलाफ 400 करोड़ रुपये का दावा दायर किया है। कई दिनों से कानूनी विवाद चल रहा था और संगीत अधिकारों का मामला सुलझ नहीं पाया।”

उन्होंने दावा किया कि पुराने समझौतों में केवल ऑडियो राइट्स दिए गए थे। दुबे के मुताबिक, “2018 में टिप्स ने हमसे वीडियो राइट्स मांगे थे, लेकिन बातचीत किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंची। बाद में पूजा एंटरटेनमेंट ने नोटिस भेजकर दिए गए अधिकार भी रद्द कर दिए थे।”

विवाद की जड़ क्या है?

पूरा विवाद ‘बीवी नंबर 1’ के लोकप्रिय गानों ‘चुनरी चुनरी’ और ‘इश्क सोना है’ को लेकर है। दिलचस्प बात यह है कि दोनों फिल्मों का निर्देशन डेविड धवन ने ही किया है।

यह भी पढ़ें: ‘मैं खुशी से कूद रहा था’, ‘चुनरी-चुनरी’ रिमेक पर बढ़ते विवाद के बीच अनु मलिक ने किया वरुण धवन को सपोर्ट

वाशु भगनानी का कहना है कि उन्हें तब झटका लगा जब उन्होंने ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में ‘चुनरी चुनरी‘ का नया वर्जन देखा, जिसमें वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े नजर आ रहे हैं।

निर्माता ने डेविड धवन पर भरोसा तोड़ने का आरोप भी लगाया है। भगनानी के मुताबिक, ‘कूली नंबर 1’ के नुकसान के बाद डेविड धवन ने उनके साथ ‘बीवी नंबर 1’ का सीक्वल बनाने पर चर्चा की थी, लेकिन बाद में मामला अलग दिशा में चला गया।