वरुण धवन, पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का टीज़र हाल ही में रिलीज़ हुआ। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक विवाद खड़ा हो गया, जब एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर ने अभिनेता पर फेक रिव्यू कराने का आरोप लगाया।
सिमरन भट्ट नाम की कंटेंट क्रिएटर ने एक वीडियो पोस्ट कर दावा किया कि उन्हें नई दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर दो लोगों ने रोका और वरुण धवन की फिल्म का रिव्यू करने के लिए कहा। सिमरन के मुताबिक, जब उन्होंने बताया कि उन्होंने टीज़र नहीं देखा है, तो उन लोगों ने कहा- “हम बता देते हैं, आप वही बोल देना।”
इस पर सिमरन ने जवाब दिया कि अगर असली रिव्यू चाहिए तो किसी ऐसे व्यक्ति से बात करें जिसने टीज़र देखा हो। उन्होंने यह भी बताया कि उन लोगों ने उन्हें वहीं टीज़र देखने के लिए कहा, लेकिन देर होने की वजह से उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद कथित तौर पर उन लोगों ने कहा- “अच्छा, निकलो-निकलो।”
वीडियो में सिमरन ने हैरानी जताते हुए कहा कि क्या वरुण धवन के इतने बुरे दिन आ गए हैं कि उन्हें फेक रिव्यू लेने पड़ रहे हैं।
मामला तब और बढ़ गया जब वरुण धवन ने इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कमेंट किया, “उम्मीद है आपको इस वीडियो से मनचाहे व्यूज़ मिल गए होंगे।”
हालांकि, सिमरन ने भी जवाब देते हुए कहा कि उन्हें इस तरह के तरीकों से व्यूज हासिल करने की जरूरत नहीं है और वह अपने नंबरों से संतुष्ट हैं।
बता दें कि ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का निर्देशन डेविड धवन ने किया है। फिल्म में वरुण धवन, पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 22 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
