वैलेंटाइन वीक में हर तरफ प्यार की बात चलती हैं। कपल अपने पार्टनर को स्पेशल फील कराने के लिए उन्हें दिन के हिसाब से तोहफे देते हैं। माना जाता है कि सिनेमा समाज का आईना होता है, और लव स्टोरी आधारित फिल्मों के जरिए प्यार के मामले में लोगों को कई बड़े सबक भी दिए जाते हैं। रोमांटिक मूवीज का जिक्र होगा, तो बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की फिल्म का जिक्र ही करना सबसे ज्यादा कारगर साबित होगा। प्यार के इस सप्ताह के दौरान आज हम किंग खान की एक शानदार लव स्टोरी वाली फिल्म की चर्चा कर रहे हैं, जो मोहब्बत के लिए कुर्बानी देने की सीख तक देती है।
मोहब्बत में इंसान अक्सर खुद से ज्यादा अपने पसंदीदा इंसान के बारे में सोचता है। इतना ही नहीं, मरते दम तक वह अपने पार्टनर को खुश रखने के बारे में सोचता है। यहां हम जिक्र शाहरुख खान, सैफ अली खान और प्रीति जिंटा स्टारर ‘कल हो ना हो’ का कर रहे हैं। ये फिल्म प्यार की मिसाल है, और इसकी लव स्टोरी को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। आज के माहौल के हिसाब से ये लोगों को रिश्ते में होने वाली कन्फयूजन से निपटने का ढंग भी सिखाती है।
‘कल हो ना हो’ फिल्म की कहानी क्या है?
शाहरुख खान की बेहतरीन फिल्मों की लिस्ट में इस मूवी का नाम जरूर शामिल किया जाता है। कहानी की बात करें, तो ‘कल हो ना हो’ न्यूयॉर्क में रहने वाली नैना (प्रीति जिंटा) के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में दिखाया गया कि नैना अपने पिता की आत्महत्या, परिवार में पैसों की समस्या और दादी के खराब व्यवहार से तनाव में रहती है। उसकी जिंदगी में बड़ा बदलाव पड़ोस में रहने वाले लड़के अमन (शाहरुख खान) के आने के बाद होता है। अमन के आने से नैना का उदास जीवन धीरे-धीरे बदल जाता है।
नैना भी अमन से प्यार करने लगती हैं, लेकिन तभी अमन को अपनी लाइलाज बीमारी का पता चलता है। अपनी इस गंभीर बीमारी का राज शाहरुख का किरदार नैना से छुपाता है कि वह मरने वाला है। अमन, नैना को खुश रखने के लिए अपने दोस्त रोहित के साथ उसे रिश्ते में लाने की कोशिश करता है।
साल 2003 की हिट फिल्म ‘कल हो ना हो’ का क्लाइमैक्स हद से ज्यादा इमोशनल है। अमन कैंसर की बीमारी के कारण रोहित (सैफ अली खान) और नैना (प्रीति जिंटा) की शादी के बाद दम तोड़ देता है। मौत से पहले शाहरुख का किरदार नैना के प्रति अपने प्यार को छुपाकर उसकी शादी रोहित से करवा देता है, और अपने दोस्त रोहित से नैना को हमेशा खुश रखने का वचन भी ले लेता है। वैलेंटाइन वीक में इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं, और वो भी अपने पार्टनर के साथ। वास्तव में फिल्म आपको कुछ नई सोच और गहरा मैसेज देने का काम कर सकती है।
