उर्वशी रौतेला अपने शानदार फैशन और ग्लैमरस लुक के लिए जानी जाती हैं। मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के फिनाले में भी उन्होंने ऐसा ही लुक कैरी किया, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। दरअसल उर्वशी इस मौके पर तिरंगे वाले गाउन में नजर आईं।
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के फिनाले में उर्वशी जूरी मेंबर थीं। इस खास मौके पर उन्होंने तिरंगे से प्रेरित एक खूबसूरत और शानदार गाउन पहना। गाउन में केसरिया, सफेद और हरे रंग का इस्तेमाल किया गया था। साथ ही उनके पेट पर नीले रंग का गोल डिजाइन भी था, जो अशोक चक्र से प्रेरित था। इसके अलावा उनके कंधे के पास सिल्वर क्रिस्टल और मोतियों जैसी सजावट थी, जो काफी चमकदार लग रही थी।
उर्वशी ने इस गाउन के साथ बड़े डायमंड ईयररिंग्स, अंगूठियां और सिल्वर चूड़ियां पहनीं। उनका मेकअप भी काफी ग्लैमरस था। उन्होंने बालों को हाई पोनीटेल में रखा, जिससे उनका पूरा लुक और भी स्टाइलिश नजर आया।
अपने इस लुक के बारे में उर्वशी ने कहा,”मैंने कहा था कि मैं इंडिया हूं। इसलिए आज मैं सच में खुद को इंडिया जैसा महसूस कर रही हूं। यह ड्रेस हमारे राष्ट्रीय ध्वज से प्रेरित है।”
उर्वशी के इस लुक को कई लोगों ने पसंद किया और इसे देश के प्रति सम्मान बताया। वहीं, कुछ लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के रंगों और अशोक चक्र को गाउन में इस्तेमाल करने पर आपत्ति भी जताई। इस वजह से उनका लुक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
यह भी पढ़ें: पढ़ने में अव्वल थीं उर्वशी रौतेला, कृति सेनन भी आई थीं फर्स्ट, इन स्टार ने बोर्ड में हासिल किए थे 90% से ज्यादा नंबर
उर्वशी ने सुष्मिता सेन के लिए कही दिल छूने वाली बात
इस कार्यक्रम में उर्वशी के लिए एक खास और भावुक पल भी आया। वह तीसरी बार किसी पेजेंट में जज बनी थीं। उनके साथ सुष्मिता सेन भी सिलेक्शन कमेटी का हिस्सा थीं।
सुष्मिता सेन ने ही साल 2015 में मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीतने के बाद उर्वशी को ताज पहनाया था। उर्वशी ने सुष्मिता को अपनी पहली गुरु और मेंटर बताया।
उन्होंने कहा कि कई साल पहले सुष्मिता ने उन्हें ताज पहनाया था और आज इतने साल बाद दोनों एक ही कार्यक्रम का हिस्सा हैं। उर्वशी ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अपनी अब तक की यात्रा से उन्होंने सुष्मिता को गर्व महसूस कराया होगा।
