साल 1989 में आई सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ में सलमान खान और भाग्यश्री की जोड़ी को काफी पसंद किया गया था। ये फिल्म भाग्यश्री की डेब्यू फिल्म थी,हालांकि बहुत ही कम लोग इस बात को जानते हैं कि इस फिल्म के लिए पहली पसंद वो नहीं थीं। उन्हें कास्ट करने से पहले सुमन के रोल के लिए शुरुआत में एक्ट्रेस उपासना सिंह पर विचार किया गया था।
हाल ही में गलाट्टा इंडिया को दिए इंटरव्यू में, उपासना ने बताया कि कैसे यह रोल उनके हाथ से निकल गया और उन्होंने बाद में इस फ़ैसले के बारे में सूरज बड़जात्या के पिता, राज कुमार बड़जात्या से बात की थी।
उपासना सिंह ने खुलासा किया है कि ‘मैंने प्यार किया’ में सुमन के किरदार के लिए सबसे पहले उन्हें चुना गया था, लेकिन बाद में यह रोल भाग्यश्री को मिल गया। एक हालिया इंटरव्यू में उपासना ने बताया कि उन्होंने फिल्म के निर्देशक सूरज बड़जात्या के लिए ऑडिशन दिया था और उनकी तरफ से उन्हें हरी झंडी भी मिल गई थी।
उपासना के मुताबिक, उस समय वह चंडीगढ़ में पढ़ाई कर रही थीं और अभिनेत्री बनने का सपना देखती थीं। मुंबई आने पर उनकी मुलाकात राजश्री प्रोडक्शंस की टीम से हुई। सूरज बड़जात्या ने उनसे कुछ संवाद बुलवाए और उन्हें पसंद भी किया। इसके बाद उन्हें बताया गया कि निर्देशक की ओर से उनका चयन हो चुका है, लेकिन अंतिम मंजूरी के लिए उन्हें निर्माता राज कुमार बड़जात्या से मिलना होगा।
हालांकि, इसके बाद उन्हें कभी कोई कॉल नहीं आया और फिल्म बनकर रिलीज भी हो गई। उपासना ने कहा कि इस वजह से वह लंबे समय तक फिल्म देखने तक नहीं गईं क्योंकि उन्हें लगता था कि जिस फिल्म की हीरोइन वह बनने वाली थीं, वह उनके बिना बन गई।
यह भी पढ़ें: ऐलान हुआ, पोस्टर भी आए, स्टारकास्ट भी फाइनल… फिर अचानक गायब हो गईं ये बॉलीवुड फिल्में
कई साल बाद फिल्म ‘मैं प्रेम की दीवानी हूं’ की शूटिंग के दौरान राज कुमार बड़जात्या ने सबके सामने बताया कि उपासना ‘मैंने प्यार किया’ की पहली पसंद थीं। जब लोगों ने पूछा कि फिर उन्हें क्यों नहीं लिया गया, तो बड़जात्या ने कथित तौर पर कहा कि वह सलमान खान से लंबी थीं। इस पर उपासना ने जवाब दिया कि श्रीदेवी भी सलमान से लंबी थीं और उनके साथ काम कर चुकी थीं।
उपासना ने माना कि फिल्म में भाग्यश्री ने शानदार काम किया और वह उस भूमिका की हकदार थीं, लेकिन उनका मानना है कि वह भी उस किरदार के लिए उतनी ही मजबूत दावेदार थीं।
