नागिन फेम मौनी रॉय आज सूरज नांबियार के साथ शादी के बंधन में बंध चुकी हैं। उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। एक्ट्रेस के दोस्त और फैंस उन्हें ढेर सारी बधाईयां दे रहे हैं। इसी बीच उनकी ऑनस्क्रीन मां रह चुकीं केंद्रीय मंत्री स्मृती ईरानी ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने मौनी को 17 साल पुरानी कहानी याद दिलाते हुए बधाई दी है।
स्मृति ईरानी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर मौनी की शादी की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ये लड़की 17 साल पहले मेरे जीवन में आई थी, लोगों ने उसे नौसिखिया कहा, लेकिन अपनी सूझबूझ से वह छा गईं। अपने जीवन में कई बातों को समझकर वह कामयाब हुई। जिन्होंने उन्हें परिवार और दोस्त के रूप में पाया,वह भाग्यशाली हैं। आज वह अपने नए जीवन की शुरुआत कर रही है। भगवान उनपर अपना कृपा बनाए रखें। मैं उनके सुख समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद देती हूं।
मौनी रॉय ने अपने करियर की शुरुआत 17 साल पहले ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ शो से की थी। जिसमें वो तुलसी का किरदार निभा रहीं स्मृति ईरानी की बेटी बनी थीं। तभी से दोनों के बीच अच्छा रिश्ता है।
बता दें कि मौनी रॉय ने आज अपने दुबई बेस्ड बॉयफ्रेंड सूरज नांबियार से शादी कर ली है। उनकी शादी के फंक्शन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हैं। मौनी रॉय अपनी शादी पर साउथ इंडियन आउटफिट में बेहद खूबसूरत लग रही हैं। सूरज नांबियार साउथ इंडियन परिवार से ताल्लुक रखते हैं, इसलिए उनकी शादी भी साउथ इंडियन कल्चर से हुई।
सफेद और लाल साड़ी में मौनी रॉय बेहद खूबसूरत लग रही थीं। सिर से लेकर पैर तक वह सोने की ज्वैलरी में नजर आईं। इसके साथ ही उनके पति सूरज सुनहरे रंग का कुर्ता पहना था। दोनों की जोड़ी सोशल मीडिया पर छाई हुई है।
मौनी रॉय और सूरज करीब दो साल से एक दूसरे को डेट कर रहे थे। लंबे इंतजार के बाद आज दोनों शादी के बंधन में बंध गए हैं। उनकी शादी की खबरें लंबे समय से सुर्खियों में थी। शादी में परिवार के साथ कुछ खास दोस्त भी शामिल हुए।