उदित नारायण का विवादों से पुराना नाता है। अब उनकी पहली पत्नी रंजना ने उनपर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद एक बार फिर उदित नारायण सुर्खियों में आ गए हैं। उनकी पूर्व पत्नी जो इस वक्त बिहार में रहती हैं, उन्होंने कहा है उदित ने न केवल उसका भरण-पोषण बंद कर दिया, बल्कि चिकित्सा उपचार के बहाने उनका यूटरस तक निकलवा दिया। उन्होंने अपने पूर्व पति के खिलाफ शिकायत भी दर्ज करवाई है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, रंजना ने दावा किया कि उनकी शादी उदित से 7 दिसंबर 1984 को हुई थी। अगले साल अपने संगीत करियर को आगे बढ़ाने के लिए उदित मुंबई चले गए और फिर कभी वापस नहीं लौटे। बाद में रंजना को पता चला कि उदित ने दीपा नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली है। दीपा जो उदित नारायण की वर्तमान में पत्नी हैं और दोनों का इस शादी से एक बेटा है जो हैं आदित्य नारायण

रंजना का दावा है कि जब भी उन्होंने उदित का सामना किया, वह उन्हें गुमराह करने की कोशिश करते रहे। डेक्कन हेराल्ड के अनुसार, 1996 में उनकी मुसीबतें और बढ़ गईं, जब कथित तौर पर इलाज के बहाने उदित और उनके भाइयों संजय कुमार झा और ललित नारायण झा ने उनका गर्भाशय निकलवा दिया।

यह घटना तब घटी जब उदित और उसके भाई रंजना को इलाज के लिए दिल्ली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां रंजना ने दावा किया कि उसकी सहमति या जानकारी के बिना उसका गर्भाशय निकाल दिया गया। रंजना ने बताया कि उस समय दीपा नारायण भी अस्पताल में मौजूद थीं। इलाज के दौरान ही रंजना को पता चला कि उसका गर्भाशय निकाल दिया गया है।

यह भी पढ़ें: ‘उन्हें तो ये भी नहीं पता था कि मैंने 12वीं…’, अपने बेटे से महीने में केवल 3 बार मिलते थे उदित नारायण

रंजना ने यह भी आरोप लगाया कि उदित और दीपा ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और 2006 में जब वह मुंबई स्थित अपने घर गई थी तो उन्हें अंदर नहीं आने दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि नेपाल स्थित अपने ससुराल में भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उसे घर से निकाल दिया गया। तब से वह अपने मायके में रह रही है।

उदित नारायण को बॉलीवुड में पहचान मंसूर खान की 1988 में आई मशहूर रोमांटिक फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ के गानों से मिली, जिसमें आमिर खान और जूही चावला ने अभिनय किया था।

बता दें कि इससे पहले भी रंजना ने बिहार के सुपौल स्थित पारिवारिक न्यायालय और महिला आयोग से संपर्क किया था, जहां उदित ने स्वीकार किया कि वह अभी भी कानूनी रूप से उनके पति हैं। वहां उदित ने रंजना को भरण-पोषण देने का वादा किया था। लेकिन जब उदित ने अपना वादा पूरा नहीं किया, तो उन्होंने महिला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। यह कदम इसलिए भी उठाया गया क्योंकि उन्हें पता चला कि उनका गर्भाशय निकाल दिया गया है।

यह भी पढ़ें: ‘इंजेक्शन से कम किया वजन’, कॉमेडियन ने बताया सच तो सोहा अली खान बोलीं- हिम्मत चाहिए

उन्होंने कहा, “मुझे महिला पुलिस स्टेशन आने के लिए मजबूर होना पड़ा। क्योंकि जैसा कि आप जानते हैं, उदित मुझसे बार-बार वादा तो करता है, लेकिन अभी तक उन वादों को पूरा नहीं किया है। मुझे महिला पुलिस स्टेशन पर पूरा भरोसा है। मैं एक महिला हूं, इसलिए मुझे न्याय मिलना चाहिए। मैं इन दिनों अस्वस्थ महसूस कर रही हूं, इसलिए मुझे उसके सहारे की जरूरत है। लेकिन वह मदद नहीं कर रहा है।”

उनके वकील के मुताबिक रंजना ने कहा है, “मैं एक पत्नी को मिलने वाले सम्मान की मांग करती हूं। उसने यह स्वीकार भी कर लिया है कि मैं उसकी पहली पत्नी हूं, लेकिन पति होने के दायित्वों को पूरा नहीं करता। एक पत्नी को सम्मान के अलावा और क्या चाहिए?” उनके वकील ने यह भी आरोप लगाया कि उदित ने उसे बहुत नुकसान पहुंचाया है।

बता दें कि पिछले साल इन्हीं दिनों उदित नारायण किसिंग विवाद को लेकर चर्चा में थे। उन्होंने एक कॉन्सर्ट के दौरान एक महिला फैन को किस कर दिया था, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो गया था। लोगों ने उस वक्त उदित की खूब निंदा की थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…