हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में इतिहास रचने के बावजूद अभिनेता से नेता बने जोसेफ विजय सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत से पीछे रह गए। उनकी पार्टी टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और 108 सीटें जीतीं, लेकिन बहुमत के लिए जरूरी संख्या से 10 सीट कम रह गई। इसी वजह से शनिवार को होने वाला शपथ ग्रहण समारोह रद्द कर दिया गया, जिससे विजय मुख्यमंत्री बनते-बनते रह गए।
हालांकि, यह खबर उनके समर्थकों और फैंस के लिए थोड़ी निराशाजनक हो सकती है, लेकिन उम्मीद अभी भी बनी हुई है। इसी बीच अब शनिवार सुबह विजय के बॉडीगार्ड अरुण सुरेश ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम की स्टोरी पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, “ब्रह्मांड कभी कोई गलती नहीं करता। पॉजिटिव रहो, बड़ी तस्वीर सामने आ रही है। आपका दिन शुभ हो।”
यह भी पढ़ें: जब शाहरुख खान ने इस वजह से मांगी थी पूरे क्रू से माफी, शूटिंग के लिए पोस्टपोन कर दिया था डिनर
इससे पहले अरूण ने कथित तौर पर कहा था, “कड़ी लड़ाइयों के बाद ही खूबसूरत नतीजे मिलते हैं।” विजय को पहले ही सेलिब्रिटीज और फैंस की तरफ से समर्थन और बधाइयों की बाढ़ आ गई है। अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने ट्वीट करते हुए लिखा, “मैं सी. जोसेफ विजय, माननीय मुख्यमंत्री को बधाई देती हूं।” वहीं अभिनेता मनोज मांचू ने एक्स हैंडल पर लिखा, “तमिलनाडु में जनता का फैसला सबसे बड़ी ताकत है। जब लोग बदलाव के लिए उठ खड़े होते हैं, तो इतिहास भी अपनी दिशा बदल देता है।

जिस व्यक्ति को ट्रोल किया गया, मजाक उड़ाया गया और हर तरह से रोका गया, उसने अपने पहले ही चुनाव में अपनी ताकत दिखा दी है। ‘विजय थलापति’ अब हर आम आदमी के लिए उम्मीद और बदलाव का प्रतीक बनता जा रहा है।” अभिनय की दुनिया में विजय के काम की बात करें, तो उनकी आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ इस साल की शुरुआत में पोंगल के मौके पर रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन से जुड़े मामलों की वजह से यह टल गई।
यह भी पढ़ें: शपथ से पहले ही थिएटरों में चला Honourable CM Vijay प्रोमो, छिड़ा विवाद
