पहले सीजन की जबरदस्त सफलता के बाद टीवीएफ की फेमस सीरीज ‘ग्राम चिकित्सालय’ के सीजन 2 को 23 जून को दुनियाभर में रिलीज किया गया। रिलीज के बाद से ही यह रूरल ड्रामा दर्शकों का खूब प्यार बटोर रहा है। शो ने 3.5 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए हैं और भारत की टॉप 10 सबसे ज्यादा देखी जाने वाली ओटीटी रिलीज में अपनी जगह बना ली है। ये एक साफ सुथरी, गांव के जीवन को बारीकी से दिखाने वाली एक प्यारी सीरीज है।

यह भी पढ़ें- ‘सालों तक गोविंदा के अफेयर्स सहती रही’, सुनीता आहूजा ने कहा- मुझे सिर्फ चुप रहने को कहा गया

टीवीएफ की बनाई और राहुल पांडेय के निर्देशन में बनी ‘ग्राम चिकित्सालय’ अपनी सादगी भरी कहानी, गांव के रहन-सहन और कलाकारों की शानदार एक्टिंग की वजह से दर्शकों की पसंदीदा सीरीज बन गई है। इस सीरीज में भटकंडी नाम के गांव की कहानी दिखाई गई है। मुख्य कलाकार के तौर पर एक्टर अमोल पराशर और अनुष्का रंजन नजर आए हैं।

शो के मेकर्स ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस बात की खुशखबरी दी है कि शो के इस सीजन पर करीब 3.5 मिलियन व्यूज आ चुके हैं और साथ ही ये सीरीज भारत के टॉप 10 सबसे ज्यादा देखे जाने वाले ओटीटी शोज कि लिस्ट में आ चुकी है। पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा, ‘भटकंडी का ग्राम चिकित्सालय पूरे देश में छा रहा है।’

यह भी पढ़ें- रकुलप्रीत सिंह की फ्लॉप तेलुगु फिल्म का हिन्दी वर्जन यूट्यूब पर हुआ सुपरहिट, 100 करोड़ व्यूज के साथ रचा इतिहास

इस सीरीज के साथ मेकर्स ने गांव में डॉक्टर्स के प्रति जागरुकता बढ़ाने और अंधविश्वासी बातों को दूर करने की तरफ ध्यान दिया है। इसकी भावनात्मक कहानी और असली गांव की झलक ने लोगों का दिल जीत लिया, जिसके चलते इसका दूसरा सीजन भी खूब पसंद किया जा रहा है। शो को लगातार दर्शकों से काफी प्यार मिल रहा है।

टीवीएफ लंबे समय से अपनी दमदार और वास्तविक कहानियों के लिए जाना जाता है। कंपनी ने अलग-अलग जॉनर में कई सफल वेब सीरीज दी हैं, जिन्होंने दर्शकों के साथ मजबूत जुड़ाव बनाया है। इनमें ‘एस्पिरेंट्स’, ‘सपने वर्सेस एवरीवन’, ‘पंचायत’, ‘ग्राम चिकित्सालय’ और ‘संदीप भैया’ जैसी शानदार सीरीज शामिल हैं। इन सीरीज के बाकी सीजन भी काफी शानदार रहे हैं, दर्शकों ने सभी पर अपना प्यार दिखाया है।

हाल ही में आयोजित प्राइम वीडियो प्रेजेंट्स इवेंट में भी टीवीएफ ने अपनी आने वाली फिल्मों और वेब सीरीज का बड़ा ऐलान किया। इस दौरान ‘कॉलेज फेस्ट’, ‘पिरामिड’ और ‘वंश’ जैसी नई फिल्म और वेब सीरीज भी सामने आईं।