हिंदी सिनेमा के अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर एक फोन कॉल के जरिए ₹5 करोड़ की फिरौती देने की धमकी मिली। फोन करने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया था। अभिनेता ने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी, जिसके बाद मामले की जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।
आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की और उसकी आवाज का मिलान अपने डेटाबेस में मौजूद हैरी बॉक्सर के आधिकारिक वॉयस सैंपल से किया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजों का मिलान नहीं हुआ। इससे पुलिस को शक है कि यह कॉल फर्जी हो सकता है और किसी ने डर पैदा करने के लिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल किया है। फिलहाल पुलिस उस शख्स की तलाश कर रही है, जिसने धमकी भरी ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थी।
कौन है हैरी बॉक्सर?
जिसके नाम से तुषार कपूर को धमकी मिली है, वो हैरी बॉक्सर कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एक सदस्य है। हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट है और वो मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। हैरी लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर है।
लंबे समय से इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। 18 अक्तूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग हुई। इसके बाद अमिताभ बच्चन के घर को ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिला। इसके साथ ही दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में सुसाइड अटैक की भी धमकी दी गई।
रोहित शेट्टी को 20 करोड़ की फिरौती की धमकी
इसी के साथ जून में रोहित शेट्टी को भी धमकी मिली थी कि अगर उन्होंने 20 करोड़ की फिरौती नहीं दी तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इससे पहले रोहित शेट्टी के मुंबई वाले घर पर फायरिंग हुई थी। अभिनेताओं को धमकी मिलने और उनपर हमले के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
