सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की जोड़ी फैंस की फेवरेट है। दोनों की मस्ती, दोस्ती और प्यार चाहनेवालों के लिए कपल गोल्स रहे हैं. अब असल जिंदगी की ये जोड़ी साथ में स्क्रीन भी शेयर करने जा रही है। सोनाक्षी और जहीर की फिल्म ‘तू है मेरी किरण’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है।
रिलीज हुआ तू है मेरी किरण का ट्रेलर
पिक्चर की कहानी किरण नाम की एक लड़की के बारे में है, जिसके प्यार में एक लड़का पागल है। सोनाक्षी सिन्हा, किरण का किरदार निभा रही हैं। जहीर इकबाल उनके आशिक बने हैं, जिसका प्यार बढ़ते-बढ़ते अब जुनून का रूप ले चुका है। वो किरण का पीछा करता है, उसे अपना बनाना चाहता है और उससे दूरी बिल्कुल सहन नहीं कर सकता। मगर ये सब किरण का दम घोंट रहा है।
ट्रेलर से हिंट मिलता है कि इस आशिक कोई आम इंसान नहीं है। वो किरण के हाथ में पकड़े सामान पर निशान बना देता है। उसकी चोट का निशान मिटा देता है और असल जिंदगी में होने वाली चीजों को टाल भी सकता है। ये सब वो किरण से दूर रहकर ही कर रहा है। बदले में उसे बस किरण और उसकी मोहब्बत चाहिए।
‘तू है मेरी किरण’ के ट्रेलर में सस्पेंस और थ्रिल भरा हुआ है. इससे ये तो साफ हो गया है कि ये पिक्चर काफी दिलचस्प होने वाली है। सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की रियल लाइफ में केमिस्ट्री को काफी पसंद किया जाता है। ऐसे में दोनों को ऑनस्क्रीन साथ देखना भी काफी मजेदार होने वाला है।
यह भी पढ़ें: Drishyam 3 Box Office Day 4: अजय देवगन को मिला पहला सबसे बड़ा मंडे, ‘दृश्यम 3’ ने दुनियाभर में कमाए इतने
पहले इस फिल्म में दिखे थे साथ
जून 2024 में अपनी शादी के बाद सोनाक्षी और जहीर की ये साथ में पहली फिल्म है। इससे पहले उन्हें 2022 में आई फिल्म ‘डबल एक्सएल’ में स्क्रीन शेयर करते देखा गया था। डायरेक्टर करण रावल के निर्देशन में बनी ‘तू है मेरी किरण’, 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ये रावल का बतौर डायरेक्टर डेब्यू भी होगा। इससे पहले उन्होंने ‘हाफ फुल’ नाम की शॉर्ट फिल्म बनाई थी।
‘तू है मेरी किरण’ फिल्म के नाम का कनेक्शन 1993 में आई शाहरुख खान, सनी देओल और जूही चावला स्टारर ‘डर’ से भी है। उस फिल्म में जूही के किरदार का नाम किरण था। फिल्म के गाने ‘तू है मेरी किरण’ में शाहरुख खान को एक जुनूनी प्रेमी के रूप में देखा गया था, जो जूही के किरदार के पीछे पड़ा था।
