तमिल सिनेमा के दिग्गज निर्देशक, अभिनेता और लेखक के. भाग्यराज का शनिवार को चेन्नई में हार्ट अटैक के चलते 73 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ने के बाद के. भाग्यराज को चेन्नई के ग्रीनवेज इलाके में मौजूद अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। फिल्ममेकर की मौत से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।
फिल्ममेकर की मौत पर साउथ सिनेमा के कई कलाकारों ने शोक व्यक्त किया। इस लिस्ट में एक्ट्रेस तृषा कृष्णन का नाम भी शामिल हुआ है। एक्ट्रेस ने फिल्ममेकर मौत पर दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने इस खबर पर यकीन नही हो रहा है कि अब भाग्यराज हमारे बीच नहीं हैं।
यह भी पढ़ें- तमिल सिनेमा के दिग्गज फिल्ममेकर के. भाग्यराज का निधन, हार्ट अटैक से 73 साल की उम्र में तोड़ा दम
एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी साझा करते हुए लिखा, ‘प्रिय भाग्यराज सर, आपको भावभीनी श्रद्धांजलि। यकीन ही नहीं हो रहा कि कल ही हम साथ बैठकर खाना खा रहे थे और आज आपके निधन की दुखद खबर सुनने को मिली। इस मुश्किल घड़ी में पूर्णिमा मैम, शांतनु, अमलू और किकी के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति दें।’

साउथ सिनेमा के तमाम एक्टर्स के. भाग्यराज की मौत से काफी हैरान हैं। चिरंजीवी, वेंकेटेश समेत कई सुपरस्टार्स ने फिल्ममेकर की मौत पर हैरानी जताते हुए अपना दुख साझा किया। इसी बीच एक्ट्रेस तृषा कृष्णन ने बताया कि एक दिन पहले उन्होंने के. भाग्यराज के साथ डिनर किया था। दरअसल, दो दिन पहले गोवा में भाग्यराज खुशबू सुंदर की बेटी की शादी में शामिल हुए थे। वहां साउथ इंडस्ट्री के काफी सारे कलाकार मौजूद थे। उनमें से एक तृषा कृष्णन भी थीं।
यह भी पढ़ें- प्रेग्नेंसी में भी नहीं रुकी सामंथा, डायरेक्टर ने किया खुलासा – मॉर्निंग सिकनेस के बावजूद एनर्जेटिक सॉन्ग किया था शूट
के. भाग्यराज की मौत के बाद इस फंक्शन का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। जिसमें फिल्ममेकर एक्टर चिरंजीवी के साथ नजर आ रहे थे। वीडियो में वो काफी फिट और खुश दिख रहे थे। इसी बात को देखते हुए उनकी मौत पर फैंस को भी हैरानी भी है।
एक्टर चिरंजीवी ने भी अपने ट्वीट में लिखा था कि ‘महज दो दिन पहले ही दोनों गोवा में खुशबू सुंदर की बेटी की शादी में साथ थे। उन्होंने लिखा था कि ‘मैं बेहद स्तब्ध और शब्दों से परे दुखी हूं। अभी परसों ही हम गोवा में खुशबू की बेटी की शादी में साथ थे। हम हंस रहे थे, मजाक कर रहे थे और साथ में तस्वीरें खिंचवा रहे थे। भाग्यराज गरु पूरी तरह से जिंदगी और खुशियों से भरपूर नजर आ रहे थे। आज सुबह उनके निधन की खबर सुनकर यकीन ही नहीं हो रहा।’
उनके निधन से तमिल फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। खास बात यह है कि यह दुखद खबर उनके गुरु और दिग्गज फिल्मकार भरतिराजा के निधन के महज 17 दिन बाद आई है, जिससे तमिल सिनेमा ने कम समय में एक और बड़ी शख्सियत को खो दिया।
