गीतू मोहनदास के निर्देशन बनी ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ एक फैंटेसी गैंगस्टर ड्रामा फिल्म है, जो पिता और बेटे के बीच के तनाव भरे रिश्ते को दिखाने वाली है। इस मूवी में यश डबल रोल निभाते हुए दिखाई देने वाले हैं। वहीं, कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। 8 अगस्त को फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया, जिसमें हिंसा, पारिवारिक कलह, सत्ता संघर्ष और विश्वासघात की झलक दिखाई दी।

वहीं, कुछ लोगों ने ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर देखने के बाद इसकी तुलना रणबीर सिंह स्टारर फिल्म ‘एनिमल’ से करना शुरू कर दी। दरअसल, ट्रेलर के कई सीन ऑनलाइन चर्चा का विषय बन गए। इसमें यश का न्यूड सीन और कुछ एक्शन सीन शामिल थे। वहीं, कुछ ऐसे भी दर्शक रहे, जिन्होंने यश के गैंगस्टर अवतार की तारीफ की।

यह भी पढ़ें: ‘मैं गाना गा रहा था, दाऊद सामने बैठा था’, कुमार सानू ने बताया दुबई की पार्टी का किस्सा, बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड कनेक्शन पर बोले…

‘एनिमल’ से हुई ‘टॉक्सिक’ की तुलना

सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ट्रेलर शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, “यश, रणबीर को दिखाएंगे कि असली ‘एनिमल’ कैसा होता है।” हालांकि, कई अन्य लोगों ने इस बात से असहमति जताई। एक ने लिखा, “यह फिल्म ‘एनिमल’ का 10% भी नहीं होगी।” एक अन्य ने कमेंट किया, “सिर्फ एडल्ट सीन और न्यूडिटी जोड़ने से यह ‘एनिमल’ की इंटेंसिटी या उसके स्टैंडर्ड तक नहीं पहुंच जाएगी।”

एक अन्य यूजर ने रणबीर और यश के अपने-अपने सीन की न्यूड तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, “यश ने रणबीर की नकल करने और उनसे प्रेरणा लेने में पीएचडी कर ली है।” एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “इस सीन को देखकर मुझे ‘एनिमल’ फिल्म में रणबीर कपूर की याद आ गई।” तीसरे शख्स ने लिखा, “टॉक्सिक असल में ‘एनिमल’ की सस्ती कॉपी है।”

कहानी भी होगी एक जैसी?

सीन के अलावा कुछ लोगों का कहना है कि दोनों की कहानी भी काफी हद तक एक जैसी होने वाली है। संदीप रेड्डी वांगा द्वारा निर्देशित फिल्म ‘एनिमल’ में रणबीर ने रणविजय का किरदार निभाया था। उसके भी अपने पिता बलबीर सिंह के साथ खराब रिश्ते फिल्म में देखने को मिले थे।

हालांकि, अब यह तो फिल्म रिलीज होने के बाद ही पता चलेगा कि आखिर दोनों फिल्में एक-दूसरे से कितनी अलग हैं। इसके लिए दर्शकों को 26 अगस्त का इंतजार करना होगा।

यह भी पढ़ें: ‘जो पत्नी को इज्जत नहीं देता, वो किसी और को क्या…’, निरहुआ-आम्रपाली पर काजल राघवानी का बड़ा बयान