यश की आने वाली फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को रिलीज होने में अब बस कुछ ही दिन बाकी हैं। लेकिन इससे पहले ही फिल्म के एक प्री-रिलीज इवेंट में बड़ा हादसा हो गया है। दरअसल, शनिवार शाम हैदराबाद की मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में फिल्म के प्रमोशन को लेकर एक इवेंट रखा गया।

इस दौरान वहां तेज आवाज वाला स्पीकर स्टैंड गिरने से चार छात्र घायल हो गए। साइबराबाद पुलिस के मुताबिक, एक छात्र को फ्रैक्चर हुआ है, जबकि बाकी छात्रों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने यह भी साफ किया कि इवेंट में कोई भगदड़ नहीं हुई थी।

यह भी पढ़ें: कंगना रनौत ने तापसी पन्नू को कहा ‘सस्ती कॉपी’, एक्ट्रेस की ‘परवरिश’ वाली टिप्पणी पर किया पलटवार

आयोजकों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

साइबराबाद पुलिस ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “स्पीकर गिरने से चार छात्रों को मामूली चोटें आईं। एक छात्र को फ्रैक्चर हुआ है। आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कोई भगदड़ नहीं हुई और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।”

बता दें कि यह घटना तब हुई जब यश मंच पर मौजूद भारी भीड़ को संबोधित कर रहे थे, जिसमें ज्यादातर यूनिवर्सिटी के छात्र थे। एक्टर ने तुरंत हंगामा देखा और अपना भाषण बीच में ही रोक दिया। उन्होंने मंच से कहा, “क्या वे ठीक हैं? प्लीज़ देखें।” अभिनेता ने इवेंट ऑर्गनाइजर व सिक्योरिटी से घायलों की मदद करने को भी कहा।

इसके बाद यश ने देखा कि कुछ छात्र उन्हें बेहतर तरीके से देखने के लिए आसपास के स्ट्रक्चर पर चढ़ रहे हैं। उन्होंने फिर अपना भाषण रोककर छात्रों से नीचे उतरने को कहा और चेतावनी दी कि ऐसा करना सुरक्षित नहीं है। भाषण दोबारा शुरू करने से पहले उन्होंने भीड़ से पूछा, “क्या सब ठीक हैं? क्या सब सुरक्षित हैं?” भीड़ से जवाब मिलने के बाद ही उन्होंने अपनी बात आगे बढ़ाई।

‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ दुनियाभर में 26 अगस्त 2026 को कन्नड़, अंग्रेजी, तेलुगु, तमिल, हिंदी और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी।

यह भी पढ़ें: ‘देख भाई देख’ के लिए शेखर सुमन ने इस वजह से कहा था नहीं, जया बच्चन का नाम सुनते ही बदली सोच