गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी यश स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स’ को रिलीज होने में बस दो दिन बाकी हैं। ऐसे में अब यह मूवी सिनेमाघरों में आने से पहले ही एडवांस बुकिंग में छा गई है। कियारा आडवाणी, नयनतारा स्टारर इस मूवी ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 30 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।

यश की यह मूवी मूल रूप से कन्नड़ और इंग्लिश में बनी है और अन्य भारतीय भाषाओं में इसे डब किया गया है। वहीं, ‘टॉक्सिक’ को सेंसर बोर्ड से ‘A’ सर्टिफिकेट मिला है। बता दें कि रविवार रात तक फिल्म ने भारत में अलग-अलग भाषाओं में सीधे टिकट बिक्री से 23.91 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी।

यह भी पढ़ें: Drishyam 3: क्या फिर चलेगी विजय सालगांवकर की चाल और पुलिस होगी बेहाल, इस दिन अजय देवगन लेकर आ रहे हैं ‘दृश्यम 3’ का आखिरी पार्ट

सबसे आगे ‘टॉक्सिक’ का कन्नड़ वर्जन रहा, जिसने 2D में 10.92 करोड़ रुपये कमाए, साथ ही IMAX 2D में 71.11 लाख रुपये और 4DX में 21.17 लाख रुपये की कमाई की। अकेले कन्नड़ 2D फॉर्मेट में 1,648 शो के जरिए ‘टॉक्सिक’ के 2,55,684 टिकट बिके।

बेंगलुरु में बिके सबसे ज्यादा टिकट

राजधानी बेंगलुरु में सबसे ज्यादा टिकट बिके हैं, जहां 952 शो से 8.83 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई हुई है। ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार, कर्नाटक में कुल स्क्रीन में से 70% पहले ही बिक चुकी हैं और बाकी 30% तेजी से भर रही हैं। लेकिन जैसे-जैसे ‘टॉक्सिक’ रिलीज के करीब आ रही है, इसका डब किया गया हिंदी वर्जन भी मूल कन्नड़ वर्जन को कड़ी टक्कर दे रहा है।

हिंदी वर्जन ने 2D फॉर्मेट में 3,18,953 टिकट बेचकर 10.84 करोड़ रुपये की कमाई की है। यानी 2D फॉर्मेट में हिंदी वर्जन के टिकट कन्नड़ वर्जन के मुकाबले 1 लाख से भी ज्यादा बिके हैं। इसके अलावा हिंदी IMAX 2D से 27.87 लाख रुपये, 4DX से 21.46 लाख रुपये और डॉल्बी सिने से 64,700 रुपये की कमाई हुई है।

तीसरे नंबर पर है तमिल

कन्नड़ और हिंदी के बाद डब तमिल वर्जन तीसरे नंबर पर है। हालांकि, इसकी कमाई दोनों भाषाओं की कमाई के 10 फीसदी से भी कम है। तमिल वर्जन ने 25,947 शोज से 42.32 लाख रुपये कमाए हैं। इसके बाद मलयालम वर्जन ने 9,165 शोज से 18.36 लाख रुपये और तेलुगु वर्जन ने 5,263 शोज से 13 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई की है।

32 करोड़ के पार ‘टॉक्सिक’ की कमाई

भारत में ‘टॉक्सिक’ की अब तक की कुल एडवांस बुकिंग 23.91 करोड़ रुपये है, जिसमें 4.75 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। वहीं, ब्लॉक बुकिंग को जोड़ने के बाद यह आंकड़ा 32.52 करोड़ रुपये हो जाता है। मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि यश की फिल्म दुनियाभर में पहले दिन 100 से 120 करोड़ रुपये के बीच कमाई कर सकती है।

अगर ऐसा होता है, तो यश ‘बाहुबली’ अभिनेता प्रभास के बाद ऐसे इकलौते भारतीय अभिनेता बन जाएंगे, जिनकी लगातार तीन फिल्मों ने दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग की है। यश पहले ही गैंगस्टर फ्रेंचाइजी ‘केजीएफ’ के जरिए ग्लोबल स्टार बन चुके हैं।

इस फ्रेंचाइजी ने दुनियाभर में करीब 1500 करोड़ रुपये की कमाई की थी। खास बात यह भी है कि यश की अगली फिल्म नितेश तिवारी की ‘रामायण’ है, जिसे इस दिवाली ग्लोबल लेवल पर रिलीज करने की तैयारी है।

26 अगस्त को आएगी ‘टॉक्सिक’

यश और गीतू मोहनदास द्वारा मिलकर लिखी गई फिल्म ‘टॉक्सिक’ को के वेंकट नारायण की KVN प्रोडक्शंस और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। इसमें नयनतारा, कियारा आडवाणी, रुक्मिणी वसंत, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और अक्षय ओबेरॉय जैसे कलाकार भी हैं। यह फिल्म ओणम के मौके पर इस बुधवार, 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

यह भी पढ़ें: शाहरुख खान के आशियाने ‘मन्नत’ में जुड़ेंगे नए फ्लोर, आनंद पंडित ने रेनोवेशन को लेकर दिया बड़ा अपडेट