‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में वापसी की खबर के बीच दयाबेन यानी दिशा वकानी दूसरी बार मां बनी हैं। इस बात की पुष्टि खुद उनके भाई मयूर वकानी ने की है। उन्होंने बताया कि दिशा ने इस बार बेटे को जन्म दिया है। इस खुशखबरी के बाद दिशा के फैंस उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
बता दें कि दिशा ने साल 2017 में एक बेटी को भी जन्म दिया था। अब वो दोबारा मां बनी हैं। उनके भाई और एक्टर मयूर वकानी ने एक इंटरव्यू में कहा कि वो दूसरी बार मामा बनकर काफी खुश हैं। आपको बता दें कि मयूर वकानी ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में भी नजर आते हैं और शो में दयाबेन के भाई का यानी सुंदर का रोल प्ले करते हैं।
बता दें कि हाल ही में शो के प्रोड्यूसर असित मोदी ने ये कन्फर्म किया था कि दयाबेन शो में जल्द लौट सकती हैं। वो दिशा वकानी को शो में वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि दिशा अब भी परिवार का हिस्सा हैं और उनसे अब भी अच्छे संबंध हैं। लेकिन वो शादी के बाद अपने परिवार में व्यस्त हो गई हैं।
दिशा ने क्यों छोड़ा था शो? मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दिशा के शो छोड़ने की वजह शूट की टाइमिंग थी। जिसके लिए उनके पति ने मेकर्स से कहा था कि दिशा महीने में केवल 15 दिन काम करेंगी और वो भी दिन के 4 घंटे। उनकी ये मांग शो के मेकर्स ने नहीं मानी थी, जिसके कारण दिशा को शो छोड़ना पड़ा था।
बता दें कि दर्शक लंबे समय से दयाबेन की वापसी की मांग कर रहे हैं। इस बीच जब खबर आई कि दिशा की शो में वापसी हो सकती है तो दर्शक खूब खुश हुए। हालांकि अब उनके मां बनने की खबर से वापसी को लेकर पेंच फंस गया।
क्या तारक मेहता भी छोड़ेंगे शो? चर्चा है कि तारक मेहता यानी शैलेश लोढ़ा और बबीता जी उर्फ मुनमुन दत्ता भी शो छोड़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि शैलेश ने पिछले एक महीने से अधिक समय से शूटिंग बंद कर दी है। वहीं मुनमुन को लेकर कहा जा रहा है कि बिगबॉस ओटीटी में हिस्सा लेने के लिए उन्होंने शो छोड़ने का निर्णय लिया है।
इस बात से शो के फैंस काफी दुखी हैं। शो के मुख्य किरदारों का शो से अलग होना दर्शकों को सही नहीं लग रहा है। हालांकि दोनों एक्टर्स में से किसी ने भी इस खबर की पुष्टि नहीं की है।