सारेगामापा के मंच से अपने करियर की शुरुआत करने वालीं टिया बाजपेयी आज एक ऐसी कलाकार बन चुकी हैं, जो न सिर्फ एक्टिंग बल्कि सिंगिंग में भी अपनी अलग पहचान बना रही हैं। ‘Love Mafia’ जैसे मल्टीलिंगुअल ग्लोबल एल्बम के जरिए उन्होंने इंटरनेशनल म्यूजिक इंडस्ट्री में भी अपनी पकड़ बनानी शुरू कर दी है।
हाल ही में जनसत्ता को दिए खास इंटरव्यू में टिया ने अपने करियर, ब्रेक, इंटरनेशनल अनुभव और म्यूजिक इंडस्ट्री को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कैसे उन्होंने एक सिंगर बनने के सफर के बीच वो एक्टिंग लाइन में आईं और फिर अब क्यों उन्होंने लंबे ब्रेक के बाद फिर सिंगिंग करियर के साथ वापसी की।
सिंगर बनना चाहती थी, एक्टर बनना प्लान नहीं था
टिया के मुताबिक, “मैं हमेशा से सिंगर बनना चाहती थी। लेकिन लोगों ने मेरे लुक्स को लेकर सुझाव दिए और वहीं से एक्टिंग का रास्ता खुला।” टिया ने 15 साल की उम्र में सिंगिंग शो ‘सा रे गा मा पा’ में हिस्सा लिया था और वो अपने सिंगर बनने के सपनों को लिए मुंबई में रह रही थीं। इस बीच कई लोगों ने उन्हें सुझाव दिया कि वो काफी खूबसूरत हैं और उन्हें एक्टर बनना चाहिए। तभी से एक्टिंग में उनकी रुचि हुई और कुछ ही सालों में उन्हें ‘घर की लक्ष्मी बेटियां’ सीरियल ऑफर हुआ।
एक्टिंग या सिंगिंग? टिया ने दिया दिलचस्प जवाब
जब उनसे पूछा गया कि एक्टिंग और सिंगिंग में से उन्हें क्या ज्यादा पसंद है, तो टिया ने कहा कि इसे चुनना उनके लिए मुश्किल है। उन्होंने कहा, “मैं खुद को सिर्फ एक कलाकार मानती हूं। सिंगिंग से मेरा इमोशनल कनेक्ट है, लेकिन एक्टिंग से मुझे मोहब्बत है।”
यह भी पढ़ें: ‘दूसरा जन्म मेरे बच्चे के लिए’, व्हीलचेयर पर अस्पताल पहुंचे अनुराग डोभाल, बेटे को गले लगाकर फूट-फूटकर रोए
5 भाषाओं में सिंगिंग- सबसे बड़ा चैलेंज बना लैटिन में गाना
‘लव माफिया’ एल्बम में टिया ने पांच भाषाओं में गाया- अंग्रेजी, हिंदी, स्वाहिली, कोरियाई और लैटिन। लेकिन लैटिन में गाना गाना उनके लिए सबसे मुश्किल था। उन्होंने बताया, “सबसे ज्यादा मुश्किल लैटिन में गाना था। उस भाषा को सीखने में काफी समय लगा और उसमें गाना गाना और भी चुनौतीपूर्ण था। लेकिन मैं कुछ अलग करना चाहती थी, इसलिए इसे चैलेंज की तरह लिया।”
इंडिया vs इंटरनेशनल- काम एक, तरीका अलग
इंटरनेशनल प्रोजेक्ट पर काम करने के अनुभव को साझा करते हुए टिया ने कहा कि काम का हर जगह एक जैसा होता है, लेकिन अप्रोच अलग होती है। उन्होंने कहा, “भारत में काम करना ज्यादा सहज है, क्योंकि यह मेरा घर है। यहां लोगों की सोच और काम करने का तरीका समझ में आता है। वहीं इंटरनेशनल लेवल पर तालमेल बैठाना थोड़ा मुश्किल होता है, क्योंकि वहां के लोग और उनका वर्किंग स्टाइल अलग होता है। लेकिन दोनों ही तरीके अपनी जगह परफेक्ट हैं।”
यह भी पढ़ें: ‘हमारा सबसे अनमोल तोहफा’, पिता बने अनुराग डोभाल उर्फ यूके07 राइडर, पत्नी रितिका चौहान ने शेयर की तस्वीर
3 साल का ब्रेक: करियर को नई दिशा देने वाला फैसला
टिया ने करियर ब्रेक को रिफ्लेक्शन पीरियड बताया। उन्होंने कहा, “हम अक्सर भागते-भागते अपनी ही जर्नी में खो जाते हैं। इसलिए मैंने थोड़ा वक्त लिया और सोचा कि मुझे क्या करना है। अब मैं काम सिर्फ लेगेसी के लिए कर रही हूं। कम काम करूंगी, लेकिन अच्छा और यादगार काम करूंगी।”
सोशल मीडिया पर ‘ओवर विजिबिलिटी’ से दूरी
आज के दौर में जहां कलाकार लगातार दिखते रहना जरूरी समझते हैं, टिया इस सोच से अलग हैं। उनका मानना है, “हर दिन सोशल मीडिया पर दिखना जरूरी नहीं है। मेरे लिए रोज रियाज करना और अपनी स्किल्स को बेहतर बनाना ज्यादा जरूरी है।”
इंटरनेशनल प्रोजेक्ट के बाद क्या बदलेगी अप्रोच?
इस सवाल पर टिया ने साफ कहा कि आगे भी वह एक्टिंग और सिंगिंग- दोनों पर बराबर फोकस रखेंगी। उन्होंने प्रियंका चोपड़ा और इरफान खान को अपनी प्रेरणा बताते हुए कहा कि इन कलाकारों ने इंटरनेशनल स्तर पर काम करने का रास्ता खोला है। “मुझे जहां भी अच्छा काम मिलेगा, मैं वहां काम करना चाहूंगी।”
यह भी पढ़ें: DDH नाम की बीमारी की शिकार हुई वरुण धवन की बेटी, एक्टर ने बताया चलने में होती है दिक्कत
आज के म्यूजिक ट्रेंड पर बेबाक राय
टिया ने मौजूदा म्यूजिक इंडस्ट्री पर भी खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आजकल गाने ऑडियंस के बजाय रील्स और टिकटॉक के लिए बनाए जा रहे हैं, जो सही नहीं है। “कला की इज्जत करना जरूरी है। पब्लिसिटी के लिए कुछ भी करना सही नहीं है। हमें अपनी संस्कृति और तहजीब का ध्यान रखना चाहिए।” नोरा फतेही के गाने पर छिड़े विवाद पर टिया ने कहा कि किसी एक व्यक्ति को दोष देना सही नहीं, ऐसे मामले में गलती पूरी टीम की होती है।
प्रिंस रोमाल से सीखा परफेक्शन
‘लव माफिया’ में प्रिंस रोमाल के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए टिया ने उन्हें ‘परफेक्शनिस्ट’ और ‘टास्क मास्टर’ बताया। “वो किसी चीज में समझौता नहीं करते। लिरिक्स से लेकर कॉस्ट्यूम तक हर चीज पर बारीकी से ध्यान देते हैं। सबसे खास बात यह है कि भारतीय न होने के बावजूद वो भारतीय संस्कृति की पूरी इज्जत करते हैं।”
