इस वक्त इंटरनेट पर अनुपम खेर का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वो नसीरुद्दीन शाह के एक बयान को लेकर उनकी आलोचना करते नजर आ रहे हैं। अब अनुपम खेर ने इस पुराने वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोग उन्हें निशाना बनाने के लिए जानबूझकर 6 साल पुराना विवाद उछालने की कोशिश कर रहे हैं।

दरअसल नसीरुद्दीन शाह ने अनुपम खेर को जोकर कहा था। इसके जवाब में अनुपम खेर ने भी उनपर कटाक्ष किए थे। दोनों वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं।हाल ही में अनुपम खेर ने अयोध्या राम मंदिर में दान चोरी के मामले और अपने मंदिर दौरे को लेकर बयान दिया था। इसी के बाद नसीरुद्दीन शाह और उनके वीडियो वायरल होने लगे।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुपन खेर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करते हुए कहा कि अयोध्या जाकर राम मंदिर के बारे में अपनी भावनाएं व्यक्त करने के बाद कुछ लोगों को उनकी बातें पसंद नहीं आईं। उनके मुताबिक, उनके खिलाफ एक इकोसिस्टम तैयार किया गया, जिसने उन्हें ट्रोल करने और बदनाम करने की कोशिश की।

उन्होंने कहा, “कुछ लोगों को मेरी बातें अपने एजेंडे के खिलाफ लगीं। उन्होंने मुझे ट्रोल करने और गालियां देने के लिए पूरा माहौल बना दिया। जब उनके पास कुछ नहीं बचा तो उन्होंने नसीरुद्दीन शाह का छह साल पुराना वीडियो निकाल लिया, ताकि मेरी छवि खराब की जा सके।”

यह भी पढ़ें: राम मंदिर में दान चोरी पर फूटा अनुपम खेर का गुस्सा, बोले- “दोषियों को हर हाल में सजा मिलनी चाहिए”

अनुपम खेर ने बताया नसीरुद्दीन शाह के साथ खत्म हो चुके विवाद

अनुपम खेर ने साफ किया कि उनके और नसीरुद्दीन शाह के रिश्ते अब सामान्य हैं। उन्होंने कहा कि दोनों कई बार मिल चुके हैं, एक-दूसरे को गले लगा चुके हैं और एक-दूसरे का सम्मान करते हैं।

उन्होंने कहा, “हकीकत यह है कि नसीर और मैं मिल चुके हैं, गले मिल चुके हैं और एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। लोग भूल गए कि मैंने उस वीडियो का जवाब उसी समय दे दिया था। उस मामले को बहुत पहले खत्म किया जा चुका है।”

अनुपम खेर ने आगे कहा कि उन्होंने जो भी हासिल किया है, वह अपनी मेहनत, संस्कार और भगवान की कृपा से हासिल किया है। उन्होंने कहा कि वह अपने विचारों पर हमेशा कायम रहेंगे।

उन्होंने कहा, “मैंने जो कुछ भी पाया है, अपनी मेहनत, अपने संस्कार और भगवान श्रीराम की कृपा से पाया है। आप मुझे किस बात से डराना चाहते हैं? आप अपनी सोच और अहंकार में उलझे रहिए, मैं सच के साथ खड़ा रहूंगा।”

राम मंदिर को लेकर कही यह बात

ट्रोल्स को जवाब देते हुए अभिनेता ने कहा कि अयोध्या और राम मंदिर में एक अलग ही ऊर्जा महसूस होती है। उन्होंने कहा कि वहां का माहौल उन्हें हमेशा सच बोलने की प्रेरणा देता है।

यह भी पढ़ें: ‘मैं सोना पसंद करूंगा’, नसीरुद्दीन शाह का दिलचस्प खुलासा- बेटे रात 3 बजे जगाकर दिखाते हैं मेरी खराब फिल्में

उन्होंने कहा, “अयोध्या की हर गली, हर कोने में भगवान राम का आशीर्वाद महसूस होता है। राम मंदिर बनने में 500 साल लगे। जो सच बोलता है, उसे अपनी बात याद रखने की जरूरत नहीं पड़ती, कहानी तो दूसरों को गढ़नी पड़ती है।”

वीडियो के अंत में अनुपम खेर ने कहा कि वह इन सब बातों से बिल्कुल प्रभावित नहीं हैं और अपनी फिल्म की शूटिंग का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने अपने पिता की सीख याद करते हुए कहा, “अगर आप किसी की गालियां स्वीकार नहीं करते, तो वे उसी व्यक्ति के पास वापस चली जाती हैं जिसने उन्हें कहा है।”

क्या था 2020 का विवाद?

दरअसल, साल 2020 में एक इंटरव्यू के दौरान नसीरुद्दीन शाह से उन कलाकारों के बारे में पूछा गया था, जो सरकार के समर्थन या विरोध में खुलकर बोलते हैं। इस पर उन्होंने अनुपम खेर का नाम लेते हुए कहा था, “उन्हें गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। वह एक जोकर हैं। उनके चापलूस स्वभाव के बारे में एनएसडी और एफटीआईआई के उनके साथी भी बता सकते हैं।”

उस समय अनुपम खेर ने भी वीडियो जारी कर जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि नसीरुद्दीन शाह पहले भी दिलीप कुमार, अमिताभ बच्चन, राजेश खन्ना, शाहरुख खान और विराट कोहली जैसी हस्तियों की आलोचना कर चुके हैं। इसलिए अगर उनका नाम भी उस सूची में जुड़ गया है, तो उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। इसके बारे में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…