डायरेक्टर सुदीप्तो सेन साल 2023 में एक फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ लेकर आए, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया था। इस मूवी के रिलीज होते ही देश भर में एक आंदोलन छिड़ गया। जहां कई लोगों ने इसकी तारीफ की, तो कुछ ने इसकी आलोचना करते हुए इसे एक विशेष धर्म विरोधी मूवी बताया। हालांकि, इसके बावजूद कम बजट में बनी (संभावित 20 से 40 करोड़) अदा शर्मा स्टारर इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 300 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया था।

अब इसके मेकर्स ‘द केरला स्टोरी’ का दूसरा पार्ट ‘द केरला स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड’ लेकर आ रहे हैं। 30 जनवरी को फिल्म का टीजर रिलीज किया गया, जिसे देखते ही एक बार फिर विवाद छिड़ गया है। विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन हाउस से आने वाली इस मूवी के डायरेक्टर ही नहीं, बल्कि कास्ट में भी बदलाव हुआ है। चलिए जानते हैं कि इसके टीजर में क्या देखने को मिला।

यह भी पढ़ें: ‘गदर 2’, ‘बॉर्डर 2’ और अब ‘घातक’ का सीक्वल… बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ाने का सनी देओल फॉर्मूला तैयार

‘द केरला स्टोरी 2’ के टीजर में क्या दिखा

नेशनल अवार्ड विजेता कमाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी ‘द केरला स्टोरी 2’ में तीन हिंदू लड़कियों सुरेखा, नेहा और दिव्या की दर्दनाक कहानी देखने को मिलने वाली है, जिनका किरदार उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया ने निभाया है। फिल्म के टीजर में देखने को मिला कि कैसे तीनों की जिंदगी मुस्लिम लड़कों से प्यार करने के बाद एक खौफनाक मोड़ लेती है, जहां धीरे-धीरे धार्मिक धर्मांतरण के एक सोचे-समझे एजेंडे का खुलासा होता है।

यह सब भरोसे, अपनापन और भावनात्मक जुड़ाव से शुरू होता है और फिर जल्द ही छल, नियंत्रण और फंसाए जाने की डरावनी कहानी बन जाता है। टीजर में साफ देखने को मिलता है कि कैसे प्यार को हथियार बनाया जाता है, पहचान छीनी जाती है और आस्था को जंग का मैदान बना दिया जाता है। इसमें सुरेखा अपनी कहानी बताती हैं और कहती हैं कि मैं यूपीएससी की पढ़ाई करके आईएएस बनना चाहती थी। अपने देश के लिए कुछ करना चाहती थी।

लेकिन सलीम के प्यार में मैं इतनी अंधी हो गई कि मैंने अपना सबकुछ खो दिया। सलीम कहता है भारत की 8.5 करोड़ हिंदू अविवाहित लड़कियां अब उसका टारगेट हैं। इसके अलावा टीजर इस बात पर भी फोकस करता है कि लड़कियां अब सिर्फ अंजाम नहीं झेलेंगी, बल्कि उसका जवाब भी देंगी।

इस दिन रिलीज होगी फिल्म

‘द केरला स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ अब सिर्फ दर्द और पीड़ा की कहानी नहीं रह जाती। इस बार ये लड़कियां हालात की खामोश शिकार बनकर नहीं रहतीं। धोखे के नतीजों को चुपचाप सहने के बजाय ये महिलाएं खड़ी होती हैं, आवाज उठाती हैं और पूरी ताकत से पलटकर जवाब देती हैं। बता दें कि यह फिल्म 27 फरवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

ट्रेंड कर रहा है टीजर

बता दें कि ‘द केरला स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ का टीजर यूट्यूब पर ट्रेंड कर रहा है। दो दिन पहले आए इस टीजर को अभी तक 3.5 मिलियन से ज्यादा लोग देख चुके हैं।

मंत्री ने की आलोचना

केरल में मत्स्य पालन, संस्कृति और युवा मामलों के मंत्री साजी चेरियन ने ‘द केरल स्टोरी 2’ के टीजर की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि इसका मकसद “सांप्रदायिक ध्रुवीकरण और राज्य के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को कमजोर करना है।” एक फेसबुक पोस्ट में, चेरियन ने कहा, “पहली नजर में ही यह साफ है कि यह संघ परिवार की फैक्ट्री का एक और प्रोडक्ट है, जिसका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है और यह सिर्फ झूठ फैलाता है। फिल्म की टीम एक बार फिर सेक्युलरिज्म के मॉडल केरल को धार्मिक आतंकवाद का केंद्र बताकर दुनिया को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।”

इसके आगे उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “यह कदम लव जिहाद जैसे झूठे आरोपों को दोहराकर और नफरत भरी बातें फैलाकर केरल के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने के लिए उठाया गया है। अभिव्यक्ति की आजादी देश को बांटने या लोगों के बीच फूट डालने का लाइसेंस नहीं है। जांच एजेंसियों और अदालतों द्वारा खारिज किए गए तर्कों को सच बताकर सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। सांप्रदायिक जहर के बीज बोकर फायदा उठाने की ऐसी कोशिशों के खिलाफ केरल एकजुट होकर खड़ा रहेगा।”

यह भी पढ़ें: Ram Charan-Upasana Konidela: जुड़वा बच्चों के माता-पिता बने सुपरस्टार राम चरण और उपासना, अभिनेता की पत्नी ने दिया बेटा-बेटी को जन्म