‘द केरल स्टोरी 2’ का टीजर आते ही फिल्म विवादों में घिर गई है। फिल्म में दिखाए गए किसिंग सीन को लेकर जमकर विवाद हो रहा है, जिसके बाद फिल्म के सर्टिफिकेशन को रद्द करने की मांग हुई और इसके लिए एक याचिका भी दायर की गई। जिसपर मंगलवार को सुनवाई हुई। खबर आई कि विवादों के बाद फिल्म का टीजर हटा दिया गया, जिसपर अब मेकर्स की तरफ से बयान जारी हुआ है।

फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2 – गोज बियॉन्ड’ के निर्माताओं ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी कर उन खबरों का कड़ा खंडन किया है जिनमें कहा गया था कि अदालत के हस्तक्षेप के बाद फिल्म का टीज़र हटा दिया गया था। प्रोडक्शन हाउस सनशाइन पिक्चर्स ने इन दावों को पूरी तरह से झूठा, निराधार और भ्रामक बताया है और सभी से अपुष्ट जानकारी फैलाने से बचने का आग्रह किया है।

बयान में कहा गया, “सनशाइन पिक्चर्स यह स्पष्ट करना चाहती है कि ‘द केरल स्टोरी 2 – गोज बियॉन्ड’ के टीज़र को हटाए जाने से संबंधित जो खबरें चल रही हैं, वे पूरी तरह से झूठी, निराधार और भ्रामक हैं। मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है। किसी भी अदालत ने कोई भी सामग्री हटाने का आदेश या निर्णय नहीं दिया है। हमने कोई भी सामग्री हटाई या डिलीट नहीं की है। ‘द केरल स्टोरी 2 – गोज बियॉन्ड‘ का टीज़र और ट्रेलर हमारे सभी आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। हम मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और व्यक्तियों से निराधार जानकारी और अटकलबाजी फैलाने से बचने का आग्रह करते हैं। ऐसी गलत जानकारी अनावश्यक भ्रम पैदा करती है।”

यह भी पढ़ें: ‘लोगों की आशंकाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता’, ‘द केरल स्टोरी 2’ को लेकर हाई कोर्ट के जज बोले- मैं कल फिल्म देखूंगा

यह बयान उन खबरों के जवाब में आया है जो केरल उच्च न्यायालय द्वारा फिल्म की निर्धारित रिलीज से पहले उसे देखने की सहमति देने के बाद सामने आईं, जिससे संभावित प्रतिबंधों की अटकलें लगने लगीं।