केरल हाईकोर्ट ने फिल्म ‘केरल स्टोरी-2: गोज बियॉन्ड’ की स्क्रीनिंग को लेकर निर्माताओं के रवैये पर नाराजगी जताई है। 24 फरवरी को फिल्म को सेंसर मंजूरी दिए जाने के खिलाफ दाखिल याचिकाओं सुनवाई हुई। इस दौरान जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस ने साफ कहा कि मेकर्स कोर्ट को फिल्म दिखाने के इच्छुक नजर नहीं आ रहे हैं। अदालत ने यह भी संकेत दिया कि 27 फरवरी को रिलीज से पहले वह खुद फिल्म देखने पर विचार कर सकती है।

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि फिल्म के खिलाफ इसकी रिलीज पर रोक लगाने और Central Board of Film Certification (CBFC) द्वारा जारी सर्टिफिकेट को रद्द करने की मांग की गई है। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि फिल्म में केरल की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है, जिससे राज्य में तनाव फैल सकता है। उनका कहना है कि फिल्म के टीजर और ट्रेलर में कई राज्यों की महिलाओं की कहानियां दिखाई गई हैं, लेकिन प्रचार ‘द केरल स्टोरी’ के नाम से किया गया, जिससे आतंकवाद, जबरन धर्मांतरण जैसी साजिश जैसी घटनाओं को विशेष रूप से केरल से जोड़ा गया है।

कोर्ट में क्या हुआ?

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह की सुनवाई में कोर्ट ने फिल्म देखने की इच्छा जताई। जज ने कहा कि जब मेकर्स फिल्म को सच्ची घटना पर आधारित बता रहे हैं और राज्य के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो अदालत के लिए कंटेंट देखना जरूरी है। उस समय मेकर्स की ओर से स्क्रीनिंग के लिए सहमति जताई लेकिन बाद में वो मुकर गए। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक मेकर्स ने कोर्ट को फिल्म दिखाने से मना कर दिया।

यह भी पढ़ें: The Kerala Story 2 के सीन पर नहीं चली सेंसर बोर्ड की कैंची, मेकर्स ने किया खबरों का खंडन

मगर एबीपी में छपी खबर के अनुसार दोपहर में सुनवाई दोबारा शुरू होने पर निर्माताओं के वकील ने पहले यह तय करने की मांग की कि याचिका निजी है या जनहित से जुड़ी। इस पर जस्टिस थॉमस ने टिप्पणी की कि मेकर्स कोर्ट को फिल्म दिखाने के इच्छुक नहीं लगते।

यह भी पढ़ें: ‘बीफ पराठा सबसे अच्छा है’, अनुराग कश्यप ने फिर साधा ‘द केरल स्टोरी 2’ पर निशाना, ट्रेलर को बताया बकवास

बता दें कि कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान प्रोड्यूसर ने केरल हाईकोर्ट में एक जवाब दाखिल किया है और उन्होंने फिल्म के टाइटल में बदलाव वाली याचिका का विरोध दिया है। उनका कहना है कि फिल्म में तीन राज्यों की कहानी है, जिनमें केरल भी शामिल है। टाइटल में जो Goes Beyond है उसका मतलब भी मेकर्स ने समझाया है। उनका कहना है कि ‘द केरल स्टोरी‘ के साथ जो ये शब्द जोड़े गए हैं उनका मतलब यही है कि कहानी सिर्फ केरल तक सीमित नहीं है। अब इस मामले में अगली सुनवाई कल होगी। फिल्म के विवाद से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें…