कामाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित और विपुल अमृतलाल शाह द्वारा निर्मित ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म की रिलीज से पहले इसे लेकर काफी बवाल मचा हुआ है। दरअसल, 5 दिन पहले ‘द केरल स्टोरी 2’ का ट्रेलर जारी किया गया, जिसमें पहले पार्ट की तरह ही लव-जिहाद और धर्म परिवर्तन जैसे कुछ गंभीर मुद्दों को दिखाया गया।

हालांकि, इस बार कहानी सिर्फ केरल की ही नहीं, बल्कि राजस्थान और मध्य प्रदेश से भी दिखाई जाएगी। इसके अलावा ‘द केरल स्टोरी 2’ के ट्रेलर में एक सीन देखने को मिला, जिसमें एक हिंदू महिला को उसके मुस्लिम ससुराल वालों द्वारा जबरदस्ती बीफ खिलाते हुए दिखाया गया। इस सीन को लेकर कई लोगों ने निंदा की। अब अनुराग कश्यप और प्रकाश राज ने भी इस पर रिएक्ट किया है।

यह भी पढ़ें: हवेली, हुस्न और हैवानियत की कहानी, 80s के दशक की वो फिल्म जिसे देख थर्रा उठे थे दर्शक | Cinema Decode

क्या बोले अनुराग कश्यप

केरल में शनिवार को आयोजित एक पुरस्कार समारोह में फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप ने भी ‘द केरल स्टोरी 2’ के ट्रेलर पर अपनी प्रतिक्रिया दी। दरअसल, जब एक रिपोर्टर ने फिल्म के बारे में उनकी राय पूछी, तो कश्यप ने कहा, “द केरल स्टोरी 2 बकवास फिल्म है। यह बकवास प्रचार है। ऐसा कौन बीफ खिलाता है? ऐसा कोई खिचड़ी भी नहीं खिलाता।”

उन्होंने आगे कहा, “वे सिर्फ पैसा कमाना चाहते हैं और हर किसी को खुश करना चाहते हैं, लोगों को बांटना चाहते हैं। फिल्म निर्माता एक लालची आदमी है। वह सिर्फ पैसा कमाना चाहता है।”

प्रकाश राज ने किया ट्वीट

प्रकाश राज ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर शनिवार को एक ट्वीट किया था। इसमें उन्होंने खाने की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “असली #केरल स्टोरी तो ये है कि… केरल की स्वाद से भरी खाने की परंपरा में सीरियन क्रिश्चियन बीफ फ्राई और नारियल वाला बीफ सिर्फ एक डिश नहीं, बल्कि अपनी विरासत, इतिहास और संस्कृति की कहानी भी साथ लेकर आते हैं। जरा चखकर तो देखिए।”

इसके बाद रविवार को उन्होंने फिर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “असली #केरल स्टोरी यह है कि कैसे पोर्क (सूअर का मांस), बीफ और मछली जैसे नॉन-वेज पकवान, शुद्ध शाकाहारी साद्या के साथ सह-अस्तित्व में हैं और सब अपनी-अपनी जगह पर प्यार से, मेल-जोल के साथ रहते हैं।”

वहीं, ‘द केरल स्टोरी 2’ का ट्रेलर देखने के बाद केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कड़े शब्दों में एक बयान जारी कर फिल्म की निंदा की और इसे केरल के खिलाफ नफरत फैलाने और इसकी धर्मनिरपेक्ष परंपराओं को कमजोर करने का प्रयास बताया। इनके अलावा कांग्रेस के नेता शशि थरूर और CPI प्रमुख पी संदोष कुमार ने फिल्म पर नफरत फैलाने की बात कही है।

यह भी पढ़ें: ‘अस्सी’ और ‘दो दीवाने एक शहर में’ फिल्म का कलेक्शन

शुक्रवार को सिनेमाघरों में दो फिल्में रिलीज हुई, जिसमें एक तापसी पन्नू स्टारर ‘अस्सी’ और दूसरी सिद्धांत चतुर्वेदी की ‘दो दीवाने एक शहर में’ थी। चलिए जानते हैं कि इन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाया। इसे विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें