‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का एक और शानदार एपिसोड रिलीज होने को तैयार है। इस बार शो में हंसी के ठहाके लगाने के लिए क्रिकेट की दुनिया के दो धुरंधर सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री ने एंट्री मारी है। कपिल के साथ हंसी-मजाक के बीच दोनों क्रिकेटर्स ने मजेदार किस्से बताए, जिन्हें सुनने के बाद वहां मौजूद हर कोई पेट पकड़कर हंसता दिखा। रवि शास्त्री यहां विराट-अनुष्का के डेटिंग दिनों को भी याद करते दिखाई दिए।
सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री पहुंचे कपिल के शो में
नेटफ्लिक्स पर ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के आने वाले एपिसोड का प्रोमो सामने आया। प्रोमो में रवि शास्त्री और सुनील गावस्कर की मस्ती देखने को मिल रही है। इस दौरान शास्त्री ने क्रिकेटर्स की गर्लफ्रेंड्स और पत्नियों को स्टेडियम में आने की इजाजत देने की बात कही। उनका कहना है कि स्टेडियम में क्रिकेटर्स के पार्टनर्स को आने की इजाजत मिलनी चाहिए। उन्होंने विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का उदाहरण देते हुए एक मजेदार किस्सा भी सुनाया।
विराट-अनुष्का से जुड़ा किस्सा किया साझा
शास्त्री ने बताया कि जब अनुष्का विराट को चीयर करने स्टेडियम पहुंची थीं, तो सेंचुरी लगाने के बाद विराट का अंदाज ही बदल गया था। वह मैदान पर ऐसे उतरे जैसे कोई पठान हो और बल्ले से अनुष्का की तरफ फ्लाइंग किस करके अपना प्यार जताया। यह किस्सा सुनकर शो पर माहौल भी काफी मजेदार हो गया। यही वो सीन है जो सोशल मीडिया समेत हर जगह पर काफी वायरल है।
कपिल ने किया रवि शास्त्री से आईपीएल पर मजाक
प्रोमो में लिखा आता है कि ये दोनों क्रिकेटर्स लॉकर रूम के मजेदार किस्से भी शेयर करते यहां पर दिखाई देंगे। यहां पर कपिल ने रवि शास्त्री के साथ मजाक करते हुए कहा कि क्या आपको लगता है कि अगर उस समय में आईपीएल होता तो आज आपके भी जुहू में 3-4 फ्लैट और होते। इस पर रवि शास्त्री ने भी हामी भरते हुए कहा हां बिल्कुल लगता है और दुख भी होता है।
यह भी पढ़ें- The Great Indian Kapil Show: कपिल शर्मा के शो से है सलमान खान का कनेक्शन? लीगल नोटिस के बाद आई सफाई
हर शनिवार को रिलीज होता है नया एपिसोड
प्रोमो काफी मजेदार लग रहा है, दर्शक हों या पैनल में बैठे सिद्धू-अर्चना, सभी का हंस-हंसकर बुरा हाल होता दिखाई दे रहा है। इस एपिसोड में सुनील ग्रोवर एक बार फिर से सभी को हैरान करते दिखाई देने वाले हैं। इस बार कपिल देव की एक्टिंग करते हुए वह सभी को हंसाने वाले हैं। यह एपिसोड 10 अक्तूबर रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया जाएगा।
