Thalapathy Vijay Net Worth: फिल्म की दुनिया से राजनीति में आए साउथ अभिनेता थलापति विजय ने सोमवार, 30 मार्च को पेरंबूर सीट से अपनी पार्टी तमिलगा वेट्ट्रि कझगम (TVK) के प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया। अपने चुनावी हलफनामे में उन्होंने लगभग 603.20 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति की घोषणा की है। इसमें अलग-अलग बैंक खातों में 213 करोड़ रुपये से ज्यादा की जमा राशि भी शामिल है।

हलफनामे में अभिनेता-राजनेता थलापति विजय के पास 404.58 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 198.62 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति बताई गई। अचल संपत्ति की लिस्ट में कोडाइकनाल में खेती की जमीन और चेन्नई भर में कमर्शियल और रिहायशी प्रॉपर्टीज शामिल हैं। वहीं, उनकी निजी चल संपत्ति में 2 लाख रुपये नकद भी शामिल हैं।

विजय के पास हैं लग्जरी गाड़ियां

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अभिनेता ने हलफनामे में बताया कि उनके पास कई लग्जरी गाड़ियां हैं, जिसमें बीएमडब्ल्यू 530, टोयोटा लेक्सस, टोयोटा वेलफायर और बीएमडब्ल्यू i7 शामिल है।

हलफनामे में विजय ने अपनी पत्नी की सम्पति का भी ब्योरा दिया है। संगीता के पास 15.76 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जिसमें 15.51 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 25 लाख रुपये की अचल संपत्ति है।

बता दें कि संगीता ने फरवरी 2026 के आखिर में विजय से तलाक के लिए अर्जी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि विजय का उनकी महिला को-स्टार के साथ अफेयर है।

यह भी पढ़ें: ‘पूरे सिस्टम के प्रति सतर्क रहें’, विवेक अग्निहोत्री ने ‘धुरंधर 2’ डायरेक्टर आदित्य धर को दिया सुझाव, बोले- आप होशियार हैं…

विजय के पास है लाखों का सोना-चांदी

हलफनामे में उन्होंने बताया कि उनके पास 883 ग्राम सोना और 15 लाख रुपये की चांदी की चीजें भी हैं। आयकर रिटर्न के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में उनकी कुल आय 184.53 करोड़ रुपये रही। उनकी आय के मुख्य स्रोत स्वरोजगार, ब्याज से आय और संपत्तियों से मिलने वाला किराया शामिल है।

पत्नी संगीता को दिया है करोड़ों का लोन

थलापति विजय ने अपने हलफनामे में बताया कि उन पर कोई देनदारी नहीं है और न ही किसी बैंक या वित्तीय संस्थान का कोई बकाया है। इसके बावजूद, उन्होंने कई लोगों को बड़ी रकम के पर्सनल लोन और एडवांस दिए हैं।

उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के महासचिव एन आनंद को 3 करोड़ रुपये का कर्ज दिया है। इसके अलावा, अपनी पत्नी संगीता विजय को 12.60 करोड़ रुपये, अपने पिता एस ए चंद्रशेखर को 3.02 करोड़ रुपये, मां शोभा सेकर को 8.71 लाख रुपये, बेटे जेसन संजय को 8.78 लाख रुपये और बेटी दिव्या साशा को 4.60 लाख रुपये का कर्ज दिया है। वहीं, उनके दूसरे बड़े एडवांस में ALP एंटोनियोस ब्रिटो और कोकिलाम्बल एजुकेशनल ट्रस्ट को 20-20 करोड़ रुपये और विद्या चैरिटेबल ट्रस्ट को 5.84 करोड़ रुपये शामिल हैं।

कितने पढ़े लिखे हैं थलापति विजय

विजय ने अपने हलफनामे में यह भी बताया कि उनके खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला लंबित नहीं है और न ही उन्हें कभी किसी अपराध के लिए दोषी ठहराया गया है। 52 वर्षीय अभिनेता-राजनेता जो इस बार पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं ने बताया कि 1991 में 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद 1992 में चेन्नई के लोयोला कॉलेज में BSc की डिग्री हासिल करने के लिए दाखिला लिया था, लेकिन बाद में उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी।

यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2 Box Office Collection Day 12: ‘धुरंधर 2’ ने तोड़ा KGF 2 का रिकॉर्ड, वर्ल्डवाइड 1400 करोड़ कमाने को तैयार फिल्म