साउथ अभिनेता थलापति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ ऑनलाइन लीक हो गई है, जिससे मेकर्स को बड़ा झटका लगा है। अब शुक्रवार को अभिनेता रजनीकांत, कमल हासन, चिरंजीवी, मोहन बाबू, सूर्या, शिवकार्तिकेयन, कार्थी और खुशबू सुंदर समेत कई अन्य सितारों ने विजय की फिल्म के ऑनलाइन लीक होने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। सुपरस्टार रजनीकांत ने फिल्म लीक करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

रजनीकांत ने एक्स हैंडल पर लिखा, “किसी ने इंटरनेट पर ‘जन नायकन’ फिल्म लीक कर दी है, जो बहुत दुखद और चौंकाने वाला है। फिल्म एसोसिएशन को इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। सरकार को दोषियों की पहचान करके उन्हें कड़ी सजा देनी चाहिए। भविष्य में ऐसे अपराधों को होने से रोकना बहुत जरूरी है।”

यह भी पढ़ें: Thalapathy Vijay Net Worth: करोड़ों की संपत्ति, लग्ज़री गाड़ियां और सोने-चांदी का खजाना, साउथ स्टार विजय ने पत्नी को दिया भारी लोन

कमल हासन ने फेसबुक पर किया पोस्ट

अभिनेता ने पोस्ट करते हुए लिखा, “जन नायकन का लीक होना कोई हादसा नहीं है। यह सिस्टम की नाकामी का नतीजा है। अगर सही प्रक्रिया समय पर पूरी हो गई होती, तो आज हम इस हालत में न होते। सर्टिफिकेशन में बेवजह की देरी ने पायरेसी के लिए जमीन तैयार कर दी। जब कानूनी तरीके से फिल्म देखने का रास्ता बंद हो जाता है, तो गैर-कानूनी रास्ते खुल जाते हैं।”

उन्होंने आगे लिखा, “पायरेसी राजनीति से परे है। यह कला और कलाकार पर ही एक हमला है। इससे सैकड़ों कलाकारों, टेक्नीशियनों और ईमानदारी से काम करने वाले प्रोड्यूसर्स, थिएटर मालिकों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को नुकसान होता है। जब सिस्टम फेल हो जाता है, तो कलाकार की सुरक्षा कौन करता है? हमें जवाबदेही चाहिए, तेजी से सर्टिफिकेशन होना चाहिए, सख्त कानून लागू होने चाहिए और पायरेसी पर तुरंत कार्रवाई जरूरी है।”

अभिनेता ने लास्ट में लिखा, “उन्होंने दर्शकों से अपील की कि सिनेमा से प्यार करने वाले लोग एकजुट हों और फिल्म को थिएटर में जाकर कानूनी तरीके से देखें। जैसे उन्होंने पहले भी उनका साथ दिया है, वैसे ही इस बार भी साथ दें।”

सूर्या ने किया ट्वीट

एक्टर-प्रोड्यूसर सूर्या ने ट्वीट किया, “दिल तोड़ने वाला और गलत। पूरी टीम का जुनून इस तरह बर्बाद हो गया। मैं आप सभी से गुजारिश करता हूं प्लीज इस मूवी को ऐसे न देखें, न शेयर करें और न ही यहां इसके बारे में बात करें। उनके काम की इज्जत करें। मैं अपने दोस्तों के साथ खड़ा हूं और इस हरकत की कड़ी निंदा करता हूं। यह माफ करने लायक नहीं है।”

प्रोडक्शन हाउस ने शेयर किया बयान

‘जन नायकन’ फिल्म के प्रोडक्शन हाउस KVN ने भी आधिकारिक बयान जारी कर फिल्म के लीक होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि वे इस फिल्म के निर्माता और इसके एक्सक्लूसिव कॉपीराइट मालिक हैं। उनके मुताबिक, कुछ अज्ञात लोगों ने फिल्म के सीन और क्लिप्स और कुछ मामलों में लगभग पूरी फिल्म को गैरकानूनी तरीके से हासिल किया, कॉपी किया और इंटरनेट पर फैला दिया। प्रोडक्शन हाउस ने इसे डिजिटल पायरेसी का गंभीर खतरा बताया है, जो फिल्म और इंडस्ट्री दोनों के लिए नुकसानदायक है।

प्रोडक्शन हाउस ने आगे सख्त चेतावनी देते हुए कहा, “इस तरह के लीक हुए कंटेंट को डाउनलोड करना, देखना, सेव करना, फॉरवर्ड करना, शेयर करना या अपलोड करना… चाहे वो व्हाट्सऐप, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स, यूट्यूब, वेबसाइट्स या टॉरेंट्स के जरिए हो यह सब कानूनन अपराध है और कॉपीराइट कानून का उल्लंघन है।”

उन्होंने यह भी कहा कि हर डिजिटल गतिविधि ट्रेस की जा सकती है और उन्होंने जांच शुरू कर दी है, जिसमें फॉरेंसिक एनालिसिस और दोषियों के खिलाफ शिकायत शामिल है। जो लोग इसमें शामिल हैं या इस कंटेंट को आगे बढ़ा रहे हैं, उन्हें पहचानकर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रोडक्शन हाउस ने जनता को साफ चेतावनी दी है कि ऐसे लीक कंटेंट से किसी भी तरह जुड़ाव न रखें। अगर किसी को ऐसा कंटेंट मिलता है, तो उसे खोलें नहीं, सेव या फॉरवर्ड न करें और तुरंत डिलीट कर दें, वरना कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें: थलापति विजय की मुश्किलें बढ़ीं, ‘जन नायकन’ फिल्म पर कोर्ट से नहीं मिली राहत