Tere Naam Revisit: जब तेरे नाम रिलीज़ हुई, तो हर तरफ सिर्फ उसी की चर्चा थी। लंबे बालों का ट्रेंड हो या दर्द भरे गाने – फिल्म ने युवाओं के दिलों पर गहरा असर डाला।
सलमान खान की एक्टिंग की खूब तारीफ हुई और भूमिका चावला की मासूमियत ने दर्शकों को भावुक कर दिया। दुखद अंत ने लोगों को रुलाया और राधे की दीवानगी को “सच्चे प्यार” का नाम दे दिया गया।
लेकिन सवाल यहीं से शुरू होता है, क्या वो सच में प्यार था, या फिर कंट्रोल?
सिनेमा हमें क्या सिखाता है?
हममें से बहुत से लोगों ने प्यार का पहला सबक फिल्मों से सीखा। हमारे समाज में लंबे समय तक प्रेम पर खुलकर बातचीत नहीं हुई, सीधे शादी की बात होती थी। ऐसे में सिनेमा ही “लव गुरु” बन गया।
‘अफसोस धरती गोल है’, अमिताभ बच्चन ने कहा दुनिया के हर कोने में मिलेंगे लॉयल आदमी मगर…
फिल्मों ने हमें बार-बार कुछ बातें सिखाईं:
• अगर लड़का लड़की के पीछे लगातार जाए, तो वो सच्चा आशिक है।
• अगर वो गुस्सा करे, तो वो पजेसिव है और पजेसिव मतलब प्यार।
• अगर लड़की “ना” कहे, तो वो बस नखरा है।
धीरे-धीरे ये नैरेटिव हमारी सोच में बस गया। तेरे नाम भी इसी सोच को रोमांटिक बनाकर पेश करती है।
इश्क या ऑब्सेशन?
राधे का किरदार एक गुस्सैल, अनस्टेबल और हिंसक युवक का है। वह मारपीट करता है, गुस्से में फैसले लेता है और रिश्तों में कंट्रोल चाहता है।
निर्जरा के “ना” कहने के बाद भी वह पीछा नहीं छोड़ता। उसे डराता है, दबाव बनाता है, यहां तक कि किडनैप भी करता है। निर्जरा डर और इनसिक्योरिटी के माहौल में घिर जाती है।
मगर फिल्म राधे के बिहैवरियर को “दीवानगी” की तरह पेश करती है और फिर उसी दीवानगी को सच्चा प्रेम बताती है।
साइकोलॉजी क्या कहती है?
जब कोई व्यक्ति लगातार दबाव, डर और भावनात्मक उथल-पुथल में रहता है, तो वह विरोध करना छोड़ सकता है। इसे कई बार trauma bonding जैसा पैटर्न कहा जाता है- जहां पीड़ित व्यक्ति उसी इंसान से जुड़ाव महसूस करने लगता है जो उसे चोट पहुंचा रहा होता है।
निर्जरा के साथ भी कुछ ऐसा ही दिखाया गया है। शुरुआत में वह साफ इनकार करती है, कसम खाती है कि उसे राधे से कोई प्यार नहीं। लेकिन बाद में वही निर्जरा उसके “अच्छे पलों” को याद करती है और हम भूल जाते हैं कि उन पलों के पीछे रैगिंग, डर, हिंसा और दबाव भी था।
यहीं सिनेमा और असल ज़िंदगी का फर्क साफ दिखता है। रियल लाइफ में राधे जैसा किरदार कई रेड फ्लैग्स से भरा हुआ होता।
‘तेरे नाम’ का दुखद अंत
फिल्म के अंत में राधे को मानसिक उपचार की जगह आश्रम भेज दिया जाता है, जबकि निर्जरा आत्महत्या कर लेती है।
2003 से 2026 तक – क्या बदला?
फिल्म 2003 में आई थी और अब दोबारा सिनेमाघरों में लौटी है। समाज बदल रहा है। रिश्तों को लेकर समझ भी बदल रही है। आज की पीढ़ी “पजेसिव” और “प्रोटेक्टिव” के फर्क को पहचानने लगी है। इसलिए अब लोग सिनेमा को सिर्फ इमोशन से नहीं, समझ से भी देखते हैं।
