सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन का पॉपुलर क्राइम शो ‘सीआईडी’ साल 1998 में शुरू हुआ था और इसने दो दशक से ज्यादा समय तक दर्शकों का मनोरंजन किया। शो की आज भी बड़ी फैन फॉलोइंग है। हालांकि, अक्टूबर 2018 में इसे अचानक बंद कर दिया गया था। शो में ‘दया’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता दयानंद शेट्टी ने बताया कि दिवंगत सिंगर लता मंगेशकर भी ‘सीआईडी’ की बहुत बड़ी फैन थीं। अब अभिनेता ने एक इंटरव्यू में शो के अचानक बंद होने और इसके पीछे की अंदरूनी राजनीति को लेकर भी बात की है।
लता मंगेशकर ने जाहिर की थी नाराजगी
सिद्धार्थ कन्नन के साथ एक पॉडकास्ट में दयानंद शेट्टी ने बताया, “लता जी हमारी बहुत बड़ी फैन थीं। वह हमें बहुत पसंद करती थीं और हमेशा हमारा साथ देती थीं।” अभिनेता ने आगे कहा कि जब सीआईडी अचानक बंद हो गया था, तब लता जी ने उनकी मदद की थी। दया ने कहा, “जब शो बंद हुआ, तब भी उन्होंने हमारे लिए आवाज उठाई। उन्होंने सोनी अमेरिका और भारत में चैनल अधिकारियों को फोन भी किया और उनसे पूछा कि मैं यह प्रोग्राम देखती हूं, आपको क्या परेशानी है? आप शो क्यों बंद कर रहे हैं?”
यह भी पढ़ें: कौन थीं आशा सिंह जायसवाल? मीना कुमारी की आवाज की हूबहू नकल कर बनीं भारत की पहली महिला मिमिक्री आर्टिस्ट
चैनल में थी किसी की निजी दुश्मनी
इसके बाद एक्टर से एक पुराने और मशहूर टीवी शो के अचानक बंद होने की वजह पूछी गई। उन्होंने जवाब दिया, “वहां अंदरूनी राजनीति चल रही थी। अब उन्हें इसका नुकसान हो रहा है। हमें इससे क्या फर्क पड़ता है? हम आगे बढ़ चुके हैं। हो सकता है कि चैनल में किसी की कोई निजी दुश्मनी रही हो। यह सब 2016 से शुरू हुआ। वे हमारे प्रोड्यूसर्स को बदलना चाहते थे, लेकिन एक्टर्स इसके लिए तैयार नहीं थे।”
दयानंद ने आगे कहा, “हम सोनी को नहीं जानते। शो बस उस चैनल पर आता था, लेकिन हम फायरवर्क्स प्रोडक्शन से जुड़े थे। 21 साल तक हमारे बीच कोई कानूनी कॉन्ट्रैक्ट नहीं था, हमने एक पन्ने पर भी साइन नहीं किया था। हमारे और उप्पूर साहब (प्रदीप उप्पूर, फायरवर्क्स के को-ओनर) के बीच सब कुछ जुबानी बातचीत से तय होता था। जब 2016 में वे नए प्रोड्यूसर लाना चाहते थे, तो उन्हें यह जानकर हैरानी हुई कि कलाकारों के पास कोई कॉन्ट्रैक्ट नहीं है। यह उनके लिए चौंकाने वाली बात थी।”
2024 में आया था दूसरा सीजन
‘सीआईडी’ का दूसरा सीजन दिसंबर 2024 में टीवी पर वापस आया था। इसके नए एपिसोड सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित हुए और सोनीलिव पर स्ट्रीम हुए। बाद में फरवरी 2025 में इसका दूसरा सीजन नेटफ्लिक्स पर भी स्ट्रीम होने लगा। दयानंद ने कहा, “मुझे नहीं पता कि यह उनके लिए नुकसान है या नहीं। शुरुआत में मुझे बुरा लगा था, जब मुझे ईमेल आने लगे और सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा होने लगी। लोग आज भी इस शो को वापस लाना चाहते हैं।”
दयानंद शेट्टी के अलावा ‘सीआईडी’ में शिवाजी साटम ने ACP प्रद्युमन, आदित्य श्रीवास्तव ने सीनियर इंस्पेक्टर अभिजीत, नरेंद्र गुप्ता ने डॉ. सालुंखे और दिवंगत दिनेश फडनीस ने इंस्पेक्टर फ्रेडरिक्स का किरदार निभाया था। इस क्राइम डिटेक्टिव सीरीज को बीपी सिंह ने बनाया था।
