टीवी एक्टर विजयेंद्र कुमेरिया ने पत्नी प्रीति भाटिया से अपने तलाक को कंफर्म कर दिया है। काफी वक्त से दोनों की शादी को लेकर अटकलें चल रही थीं। एक्टर ने बताया कि वह और प्रीति साल 2022 से अलग रह रहे हैं।

एक्टर ने बताया कि 2025 में दोनों का आधिकारिक तौर पर तलाक हो गया था। विजयेंद्र और प्रीति ने जनवरी 2012 में की शादी की थी. उनकी एक बेटी है, जिसका नाम किमाया है।

क्यों हुआ विजयेंद्र-प्रीति का तलाक?

हाल ही में एक बातचीत के दौरान विजयेंद्र ने खुलासा किया कि उन्होंने पहले अपनी शादी के बारे में बात क्यों नहीं की। टेली टॉक इंडिया के साथ एक इंटरव्यू में एक्टर ने कहा कि सार्वजनिक रूप से इस पर चर्चा करने से पहले उन्हें अपनी निजी जिंदगी में आए बदलावों को समझने और स्वीकार करने के लिए समय चाहिए था।

एक प्राइवेट शख्स होने के नाते, विजयेंद्र को पहले इस स्थिति से निपटना मुश्किल लगा। हालांकि जैसे-जैसे समय बीता, उन्हें लगा कि लोगों को अपने निष्कर्ष निकालने देने के बजाय बोलना और चीजों को साफ करना बेहतर है।

विजयेंद्र ने साफ किया कि अलग होने का फैसला उन्होंने और प्रीति ने रातोरात नहीं किया था। एक्टर के अनुसार, उनका रिश्ता कुछ समय से मुश्किलों से गुजर रहा था। मतभेद और उलझे मुद्दे सुलझाना बहुत मुश्किल हो गया था।

और पढ़ें: दूसरी बार मां बनने वाली हैं कियारा आडवाणी, सिद्धार्थ-बेटी सरायाह संग किया ऐलान

बेटी की खातिर की कोशिश

दोनों ने आखिरकार 2022 में अलग रहने का फैसला किया। उन्होंने कहा, ‘ऐसे फैसले रातोरात नहीं लिए जाते। हमारे बीच बहुत सारे मतभेद और मुद्दे होने लगे, जो समय के साथ बढ़ते गए। ऐसा नहीं है कि हमने अपने मुद्दों को सुलझाने की कोशिश नहीं की, लेकिन आखिरकार चीजें काम नहीं आईं और हम 2022 में अलग हो गए। यह एक आपसी सहमति से लिया गया फैसला था। हमें 2025 में डिक्री मिली।’

विजयेंद्र कुमेरिया ने इस फैसले में अपनी बेटी की भूमिका को लेकर भी बात की। अक्टूबर 2016 में जन्मी किमाया एक बड़ी वजह थी कि कपल कई सालों तक अपनी शादी को बचाने की कोशिश करता रहा। विजयेंद्र ने कहा कि अलग होना दर्दनाक था। लेकिन अंत में उन्हें लगा कि उनकी बेटी के लिए एक नाखुश रिश्ते के आसपास बड़े होने के बजाय दो खुश माता-पिता होना ज्यादा स्वस्थ होगा।

उन्होंने आगे कहा, ‘यह एक मुश्किल फैसला था, क्योंकि एक बच्चा शामिल था। यही कारण है कि प्रीति और मैंने रिश्ते को बचाने के लिए सालों तक कोशिश की, हमारे बच्चे के लिए। लेकिन मुझे लगता है कि किमाया के लिए भी एक नाखुश माहौल में बड़े होने के बजाय दोनों माता-पिता से अलग-अलग प्यार का अनुभव करना बेहतर है। किसी भी माता-पिता की तरह हम उसके लिए सबसे अच्छा चाहते हैं, और हम वही कर रहे हैं।’

साथ काम करता था कपल

2021 के एक इंटरव्यू में विजयेंद्र कुमेरिया ने पत्नी प्रीति भाटिया संग अपने समीकरण के बारे में गर्मजोशी से बात की थी। उन्होंने अपनी प्रोफेशनल लाइफ में एक मजबूत सपोर्ट होने के लिए प्रीति को श्रेय भी दिया था। उस समय उनकी निजी और कामकाजी जिंदगी आपस में जुड़ी हुई थी।

और पढ़ें: KBC 18: अमिताभ बच्चन ने माधुरी दीक्षित से क्यों मांगी माफी, जल्द संभालेंगी मराठी केबीसी के होस्टिंग की कमान

दोनों ने अक्टूबर 2019 में कुमेरिया प्रोडक्शंस लॉन्च करते हुए प्रोडक्शन की दुनिया में कदम रखा। प्रीति कंपनी के संचालन में भूमिका निभा रही थीं। हालांकि 2023 तक उनकी शादी में परेशानी की खबरें सामने आने लगीं। दोनों ने आखिरकार इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया। अभी ये बात साफ नहीं है कि प्रीति अभी भी प्रोडक्शन हाउस से जुड़ी हैं या नहीं।

विजयेंद्र कुमेरिया के करियर की बात करें तो सालों से वो बतौर एक्टर टेलीविजन इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। उन्होंने ‘शास्त्री सिस्टर्स’, ‘उड़ान’, ‘नागिन 4’ और ‘तेरी मेरी डोरियां’ जैसे शोज में काम किया है। फिलहाल विजयेंद्र, कलर्स टीवी के शो ‘जूही मुई’ में इंस्पेक्टर संयम सिंह की भूमिका निभा रहे हैं। इसमें उनके साथ ईशा सिंह हैं।