कई फिल्मों और टीवी शो में काम कर चुकीं अभिनेत्री उपासना सिंह फिलहाल अपने एक इंटरव्यू को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। इस इंटरव्यू में उन्होंने अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़ी कई चीजें शेयर की है। साथ ही यह भी बताया कि ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ में उनका मशहूर डायलॉग ‘कौन है ये आदमी’ जो उन्होंने सलमान खान को देखकर कहा था कैसे बना इसका खुलासा किया है।

एक्ट्रेस ने बताया कि यह मशहूर लाइन पहले से लिखी हुई नहीं थी, बल्कि सलमान खान के साथ बातचीत के दौरान अचानक निकली थी। इससे शो के क्रू को चिंता हो गई थी कि कहीं सुपरस्टार बुरा न मान जाएं। ‘गलाटा इंडिया’ से बात करते हुए उपासना ने बताया कि कैसे सलमान के साथ हुए उस एक पल ने आगे चलकर इंडियन टेलीविजन पर सबसे लोकप्रिय और बार-बार दोहराए जाने वाले मजाकिया डायलॉग का रूप ले लिया।

यह भी पढ़ें: ‘भगवान नही हैं, हमे नहीं रोक सकता, ‘काला हिरण’ मेकर्स का बड़ा बयान, सलमान खान को दिल्ली हाई कोर्ट से झटका

उपासना सिंह ने कहा, “मैंने सलमान के साथ काफी काम किया है। हमने ‘गॉड तुस्सी ग्रेट हो’ और ‘मुझसे शादी करोगी’ में साथ काम किया। हमने कपिल शर्मा के शो में भी कई बार साथ काम किया है। ‘कौन है ये आदमी?’ डायलॉग की शुरुआत इसलिए हुई, क्योंकि मैं और सलमान खान साथ में शूटिंग कर रहे थे।

उस समय हमें कभी नहीं पता होता था कि सामने बैठा स्टार क्या कहने वाला है। हम अपनी तरफ से पूरी तैयारी करते थे, बिल्कुल एक नाटक की तरह। हमें पता होता था कि हमें क्या बोलना है, लेकिन गेस्ट स्टार के साथ किस तरह की बातचीत होगी, इसका कोई अंदाजा नहीं होता था।” उपासना के मुताबिक, सलमान के साथ बातचीत के दौरान यह लाइन अचानक उनके मुंह से निकल गई।

सेट पर छा गया था सन्नाटा: उपासना

उपासना सिंह ने आगे कहा, “उन्होंने कुछ कहा और मैंने अचानक कह दिया कि कौन है ये आदमी। अब सोचिए उपासना सिंह सलमान खान से कह रही हैं कौन है ये आदमी। सेट पर 14 कैमरे लगे थे और बिल्कुल सन्नाटा था।” एक्ट्रेस ने याद किया कि सेट का माहौल लगभग तुरंत तनावपूर्ण हो गया था। एक्ट्रेस ने बताया कि सबको लगा कि सलमान नाराज हो जाएंगे, चले जाएंगे और हमारा शो अधूरा रह जाएगा।

हालांकि, सलमान का रिएक्शन बिल्कुल उल्टा था। सलमान इतना हंसने लगे कि सोफे से लगभग गिर ही गए। वह चार-पांच मिनट तक हंसते रहे। यह पल उस किरदार और शो के लिए एक टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। उसके बाद शो में आने वाले हर स्टार ने मुझे यह कहते हुए सुना कि कौन है ये आदमी? आखिरकार उस डायलॉग वाली टी-शर्ट भी बनाई गईं।

क्या कपिल शर्मा के शो में वापस आएंगी उपासना?

उपासना ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ में कपिल शर्मा की बुआ का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हो गईं। इस किरदार के मजेदार वन-लाइनर्स और कॉमिक टाइमिंग ने उन्हें फैंस का चहेता बना दिया और ‘कौन है ये आदमी’ शो के सबसे मशहूर डायलॉग्स में से एक बन गया।

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कपिल शर्मा के मौजूदा नेटफ्लिक्स शो में वापस आएंगी, तो उपासना ने कहा कि अगर उन्हें वैसा ही कोई किरदार ऑफर किया जाए, तो उन्हें वापस आने में खुशी होगी। उपासना ने कहा, “बिल्कुल। अगर मुझे पहले जैसा ही कोई रोल मिलता है, तो मैं कपिल के शो का हिस्सा दोबारा बनना चाहूंगी। अगर वैसा ही कुछ आता है, तो मुझे पूरा यकीन है कि मैं उसे जरूर करूंगी। मुझे भरोसा है कि वह मुझे बुलाएंगे।”

यह भी पढ़ें: Cocktail 2 Box Office Collection Day 2: दूसरे दिन ‘कॉकटेल 2’ की कमाई में हुई 20.4% की वृद्धि, शनिवार को फिल्म ने कमाए 16.25 करोड़ रुपये