टीवी एक्टर अनुज ठाकुर के निधन की खबर सामने आई है। उन्होंने 27 अक्तूबर को दुनिया को अलविदा कह दिया था, मगर अब कुछ दिन बाद उनके दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनर ने उनके निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सोते समय अनुज को दौरा पड़ा और निधन हो गया।
रुपेश ने अनुज के निधन की खबर साझा करते हुए लिखा, “मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि तुम हमारे बीच नहीं रहे। तुम सिर्फ मेरे दोस्त नहीं, बल्कि छोटे भाई जैसे थे। हमने साथ में कई प्रोजेक्ट्स करने का प्लान बनाया था। मुझे तुम्हारे शुरुआती दिनों का संघर्ष और तुम्हारा सफर आज भी याद है। जिंदगी वाकई कितनी अनिश्चित है। इतनी जल्दी तुम्हारे चले जाने की बात स्वीकार करना बेहद मुश्किल है। यह खबर किसी बुरे सपने जैसी लग रही है। भाई, तुम्हें हमेशा याद किया जाएगा। तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।”
अनुज के निधन की खबर पर टीवी अभिनेता वकार शेख ने भी दुख जताया। उन्होंने कमेंट में लिखा, “हे भगवान! यह यकीन करना बेहद मुश्किल है। यह सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं उन्हें शुरुआती दिनों से जानता था। वह बहुत प्यारे और अच्छे इंसान थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।”
सोते हुए अनुज को पड़ा था दौरा
टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में रुपेश सोनार ने बताया कि वह अनुज ठाकुर को साल 2008 से जानते थे। दोनों ने साथ में कई टीवी शोज में काम किया था। उनका पहला शो ‘बंधन सात जन्मों का’ था। रुपेश ने बताया कि अनुज से उनकी आखिरी मुलाकात निधन से महज 10 दिन पहले हुई थी। उस दौरान अनुज टीवी की दुनिया में वापसी करने की बात कर रहे थे और उनका उत्साह बिल्कुल वैसा ही था, जैसा साल 2008 में था।
यह भी पढ़ें: सोता रहा परिवार और संजय गुप्ता इस दुनिया को छोड़कर चले गए, मौत के बाद वायरल हुआ आखिरी पोस्ट
रुपेश ने बताया कि उन्हें शुक्रवार रात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए अनुज के निधन की खबर मिली। यह सुनकर वह सदमे में आ गए कि अनुज रात को सोने गए थे, लेकिन फिर कभी नहीं उठे। शनिवार को वह अनुज के परिवार से मिलने पहुंचे। वहां उनकी मां और भाई ने बताया कि अनुज को दौरा पड़ा था और इसी दौरान उनकी मौत हो गई।
रुपेश के मुताबिक, अनुज सुबह जल्दी उठने के आदी थे। वह रोजाना सुबह 4:30 बजे उठते थे और अपनी दिनचर्या में फिटनेस और जॉगिंग को शामिल करते थे। हालांकि, उस दिन जब सुबह 4:30 बजे उनका अलार्म बजा और वह नहीं उठे, तो उनकी मां उन्हें जगाने के लिए कमरे में गईं। वहां उन्होंने अनुज को मृत पाया।
बता दें कि अनुज ठाकुर ने कई टीवी सीरियल में काम किया था। वह ‘धूम मचाओ धूम’, ‘बंधन सात जन्मों का’, ‘बींद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा’ और ‘महिसागर’ जैसे टीवी शोज का हिस्सा रह चुके थे।
