The 50 Winner: गेमिंग रियलिटी शो ‘द 50’ का पहला सीजन रविवार 22 मार्च को खत्म हो गया है। 1 फरवरी से शुरू हुए इस अनोखे शो का खिताब शिव ठाकरे ने अपने नाम किया। 26 दिनों तक चले कठिन टास्क और दिमागी खेल के बाद शिव ने ट्रॉफी अपने नाम की और ग्रैंड फिनाले में उन्होंने फैजू, कृष्णा श्रॉफ, रजत दलाल और पंजाबी सिंगर काका को मात दी।
‘द 50’ की चमचमाती ट्रॉफी के साथ शिव को 50 लाख की प्राइज मनी भी मिली, जो गेम के रूल के अनुसार उन्होंने अपने एक फैन को दी। बता दें कि शिव यह दूसरा बड़ा रियलिटी शो जीते हैं। इससे पहले वह ‘बिग बॉस मराठी 2’ का खिताब भी अपने नाम कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें: 2 घंटे 16 मिनट की ये क्राइम मिस्ट्री फिल्म नेटफ्लिक्स पर मचा रही है धमाल, सस्पेंस है मजेदार
प्रिंस ने दिया था अपना टिकट
बता दें कि ‘द 50’ के ग्रैंड फिनाले तक शिव ठाकरे का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। शनिवार को ‘टिकट-टू-फिनाले’ चैलेंज के दौरान उन्हें शुरू में बाहर कर दिया गया था। हालांकि, फिर प्रिंस नरूला ने अपनी जगह कुर्बान कर दी, जिससे शिव शो में वापस आ सके और फिनाले में अपनी जगह पक्की कर सके।
फिनाले का अपना टिकट शिव ठाकरे को देते हुए प्रिंस नरूला ने कहा था, “जब मैं पहले दिन यहां आया था, तो बहुत से लोग मेरे पीछे लाइन में खड़े थे ताकि मैं उनका नेतृत्व कर सकूं, यही मेरी जीत थी। मैं इस शो में अपनी पत्नी के लिए आया था और जब मैंने देखा कि मेरे इतने सारे भाई भी यहां हैं, तो मुझे उनका नेतृत्व करना ही था।
अगर आज फैजू फिनाले में नहीं होता, तो मैं यह टिकट उसे दे देता। मैं उसे अपना सबसे बड़ा प्रतियोगी मानता हूं। यह मेरी यात्रा का अंत है। मैं अपनी जीत और हार खुद लिखता हूं। मैं अब इस खेल में आगे नहीं बढ़ना चाहता और फिनाले का अपना टिकट शिव को देना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि वह आगे बढ़े।”
शिव ने कही थी ये बात
जहां शिव इस भाव से अभिभूत थे, वहीं उन्होंने यह भी माना कि अगर उन्होंने फिनाले में अपनी जगह खुद कमाई होती, तो उन्हें ज्यादा खुशी होती। भावुक होते हुए शिव ने शो पर कहा, “यह खेल का ही एक हिस्सा है और जब आप किसी और की वजह से आगे बढ़ते हैं, तो आपके दिल में कहीं न कहीं वह गिल्ट बना रहता है। आप खुश नहीं हो पाते, आप यह नहीं कह सकते कि आप अपनी काबिलियत के दम पर वहां पहुंचे हैं और आप भी तो सच जानते ही हैं।”
रोडीज से मिली शिव को पहचान
महाराष्ट्र के अमरावती के रहने वाले शिव ने बहुत ही कम उम्र में अपने पिता की पान की दुकान पर काम करके अपने परिवार का सहारा बनना शुरू कर दिया था। घर चलाने के लिए उन्होंने दूध और अखबार भी बेचे। फिर वह पहली बार टीवी शो एमटीवी रोडीज राइजिंग में नजर आए और यहां से उन्हें एक अलग पहचान मिली। हालांकि, शिव को सफलता 2019 में मिली, जब उन्होंने ‘बिग बॉस मराठी सीजन 2’ का खिताब जीता।
इसके बाद उन्होंने साल 2021 में अपना डियोड्रेंट ब्रांड ‘B Real’ लॉन्च किया। फिर साल 2023 में वह सलमान खान होस्ट शो ‘बिग बॉस 16’ में नजर आए और इस शो के फर्स्ट रनर-अप भी रहे। इसके बाद शिव ठाकरे ‘खतरों के खिलाड़ी 13’, ‘झलक दिखला जा 11’ में भी नजर आए। वहीं, शिव कुछ म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुके हैं।
यह भी पढ़ें: कौन है उदयबीर संधू, जिसने ‘धुरंधर 2’ में निभाया ‘हमजा’ के दोस्त ‘पिंडा’ का किरदार
‘धुरंधर 2’ रिलीज होने के बाद से ही चर्चा में है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसमें ‘पिंडा’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता उदयबीर संधू कौन है। पूरी खबर यहां पढ़ें।
