शो: द 50
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म: जियो हॉटस्टार और कलर्स
रेटिंग: 3.5/5

छोटे पर्दे पर डेली सोप के साथ-साथ सिंगिंग, डांस, स्टंट बेस्ड समेत कई रियलिटी शो आते हैं, जिनमें से कुछ तो दर्शकों के काफी पसंदीदा है। फिलहाल पिछले कुछ दिनों से हर तरह एक शो काफी चर्चा में बना हुआ है, जिसका नाम है ‘द 50’। ‘बिग बॉस 19’ के ग्रैंड फिनाले में इसका पहला प्रोमो सामने आया था और तभी से यह सुर्खियों का हिस्सा बना हुआ है। बीते दिन, 1 फरवरी को इसका पहला एपिसोड टेलीकास्ट हुआ। ऐसे में चलिए आपको बताते हैं कि ये शो कैसा है। इसका फॉर्मेट और कॉन्सेप्ट क्या है। शो के कंटेस्टेंट, प्राइज मनी से लेकर हर छोटी-बड़ी अपडेट।

बेहद अलग है ‘द 50’ का फॉर्मेट

जब इसके प्रोमो और ‘द 50’ के सेट का पहला वीडियो सामने आया, तो बहुत से लोगों ने इसे ‘बिग बॉस’ से कम्पेयर किया था, लेकिन अब इसका पहला एपिसोड देखने के बाद यह कह सकते हैं कि ‘द 50’ उस रियलिटी से काफी अलग है। इसका कॉन्सेप्ट काफी नया है, जिसने पहले दिन से ही लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा। शो में 50 कंटेस्टेंट्स आए हैं, जो अलग-अलग बैकग्राउंड से हैं। कोई टीवी अभिनेता है, तो कोई डिजिटल क्रिएटर्स, कोई इन्फ्लुएंसर्स, तो किसी ने पहले रियलिटी शो जीता है। यह सभी अब 50 दिन तक एक ही जगह रहने वाले हैं।

यह भी पढ़ें: ‘प्यार वो नहीं जो इंस्टाग्राम पर देखते हैं’, करण कुंद्रा ने तेजस्वी प्रकाश संग अपने रिश्ते को लेकर की बात, बोले- 7-8 दिनों के अंदर…

प्राइज मनी का अलग है कॉन्सेप्ट

अब दूसरी चीज जो इसे बाकी रियलिटी शो से अलग बनाती है, वो है इसकी प्राइज मनी। दरअसल, हर रियलिटी शो में विनर को जीतने के बाद एक रकम मिलती है, लेकिन इसमें ऐसा नहीं होगा। यहां 50 लाख की प्राइज मनी दर्शकों के लिए रखी गई है। दरअसल, लास्ट में जो भी कंटेस्टेंट जीतेगा ये पैसे उसके फैन को मिलेंगे। ऐसे में ये कॉन्सेप्ट शो को और भी दिलचस्प बनाता है और सीधे तौर पर दर्शकों को इससे जोड़ देता है।

नहीं रिवील हुआ ‘द लायन’ का चेहरा

शो का एक दिलचस्प पहलू है ‘द लायन’ है, जो एक नकाबपोश किरदार है और पूरे खेल में टास्कमास्टर और गाइड की भूमिका निभाता है। रियलिटी शो में किसी पारंपरिक होस्ट का न होना अपने आप में एक बड़ा और साहसिक फैसला है। इसके अलावा जिस पैलेस में सभी कंटेस्टेंट्स रहने वाले हैं वह बेहद ही आलीशान है। इसमें बेडरूम, लिविंग एरिया और गेम एरीना है, जहां कंटेस्टेंट्स के मुश्किल और दमदार फिजिकल टास्क होंगे। एक दिलचस्प बात यह है कि यहां किचन का कोई कॉन्सेप्ट नहीं है। कंटेस्टेंट्स को पका-पकाया खाना मिलता है। इससे रोज के झगड़े कम हो गए और शो का फोकस पूरी तरह स्ट्रैटेजी और कॉम्पिटिशन पर बना रहेगा।

भारतीय रियलिटी शो की दुनिया को आकार देने वाले दिग्गजों की तरफ से आया Bani J Asia का ‘द 50’ शुरू से ही अलग मानक सेट करता है। दुनिया के सबसे बड़े इंडिपेंडेंट प्रोड्यूसर और डिस्ट्रिब्यूटर में से एक Bani J Asia भारत में अब तक का सबसे बड़े और सबसे महत्वाकांक्षी अनस्क्रिप्टेड फॉर्मेट लेकर आया है।

कैसा था शो का पहला एपिसोड

प्रीमियर एपिसोड की शुरुआत काफी धूमधाम से हुई। सबसे पहले ‘लायन’ ने गेम और प्राइज मनी के बारे में बताया। इसके बाद 50 कंटेस्टेंट्स ने एंट्री ली, जिसमें करण पटेल, मिस्टर फैजू, रजत दलाल, रिद्धि डोगरा, युविका चौधरी, प्रिंस नरूला, काका, सपना चौधरी, कृष्णा श्रॉफ, निक्की तंबोली, अर्चना गौतम, उर्वशी ढोलकिया, श्रुतिका अर्जुन, शिव ठाकरे, चाहत पांडे, सिद्धार्थ भरद्वाज, विक्रांत, मोनालिसा, लव कटारिया, बेबिका, शाइनी, नीलम गिरी, रिद्धिमा पंडित और नतालिया समेत कई नाम शामिल हैं।

सभी की एंट्री के बाद ‘लायन’ ने उन 50 में से 10 कैप्टन चुने। फिर बाकि कंटेस्टेंट को आजादी दी कि वह जिसकी चाहे उस कैप्टन के पीछे जाकर खड़े हो सकते हैं। इसके बाद सभी 10 कैप्टन के पास 5-5 लोगों की टीम हुई। फिर ‘लायन’ ने पैलेस में एंट्री देने से पहले ही एरिना में गेम खेला। इसमें एक म्यूजिकल ट्विस्ट देखने को मिला, शो में हिमेश ने एंट्री ली। पहला टास्क ही काफी मुश्किल था, जिसमें फुर्ती और टीम वर्क की जरूरत थी। टास्क के लास्ट में ही एक कंटेस्टेंट आउट हो गया और उसका नाम वंशज सिंह था।

कहां रही शो में कमी?

शो का कॉन्सेप्ट नया है, टास्क और होस्ट दिलचस्प हैं। कंटेस्टेंट के बीच मजेदार और मुश्किल टास्क देखने को मिलेंगे। हालांकि, शो के शुरू में जो कमी दिखी वह थी कि सभी कंटेस्टेंट्स को बड़ी जल्दी-जल्दी दिखाया गया। 50 कंटेस्टेंट्स होने की वजह से पहला एपिसोड थोड़ा भरा-भरा लगा। इतने सारे लोगों के बीच हर एक कंटेस्टेंट से जुड़ पाना मुश्किल हो जाता है, क्योंकि सभी को स्क्रीन टाइम चाहिए। आगे शो को यह संतुलन बनाना होगा कि कंटेस्टेंट्स की पर्सनैलिटी अच्छे से दिखे और साथ-साथ कॉम्पिटिशन भी आगे बढ़े।

लास्ट में हम इसे 3.5 की रेटिंग देंगे, क्योंकि इसका फॉर्मेट काफी अलग है। जहां कई रियलिटी शो एक जैसे कॉन्सेप्ट लेकर आते हैं, तो यह अलग है। एलिमिनेशन के बारे में न पता लगा पाना, शानदार प्रोडक्शन वैल्यू और अन्य चीजें काफी सही है।

यह भी पढ़ें: Box Office Report: सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ के आगे नहीं चला ‘मर्दानी 3’ का जादू, रानी की फिल्म ने रविवार को कमाए सिर्फ 7.25 करोड़