टीवी का पॉपुलर कॉमेडी सीरियल तारक मेहता का उल्टा चश्मा सालों से लोगों का मनोरंजन करता आ रहा है। प्रोड्यूसर असित मोदी का शो विवादों के कारण भी सुर्खियों में रहता है। इस हिट सीरियल में काम करने वाले कई सितारों ने शो के मेकर्स पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं, और सीरियल को छोड़ भी दिया। खैर, बीते कुछ समय से सोनी सब टीवी के इस सीरियल को दर्शकों की कमी का सामन करना पड़ रहा है। इस बीच एक बार फिर शो में पोपटलाल को दूल्हा बनाया जा रहा है।

तारक मेहता का उल्टा चश्मा सीरियल का एक प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखने को मिल रहा है कि शो में एक बार फिर पोपटलाल की शादी का ट्रैक शुरू होने वाला है। गौर करने की बात है कि जब से यह सीरियल चल रहा है, उस समय से ही पोपटलाल की शादी का सीन दिखाया जाता है, लेकिन किसी ना किसी कारण के चलते वह कुंवारे रह जाते हैं। सवाल खड़ा होता है कि क्या इस बार उनकी शादी हो पाएगी या एक बार फिर पोपटाल का दिल टूट जाएग।

शादी ट्रैक पर क्या बोले एक्टर श्याम पाठक?

पोपटलाल का किरदार श्याम पाठक निभा रहे हैं। ईटाइम्स को दिए हालिया इंटरव्यू में एक्टर ने शो में अपने वेडिंग ट्रैक के बारे में खुलकर बात की है। एक्टर श्याम का कहना है कि शो में जब भी उनकी शादी का ट्रैक चलता है, तो लोग रोचकता के साथ शो को देखने लगते हैं। साथ ही, इस ट्विस्ट के लिए लोग इस ट्रैक को देखते हैं कि क्या शादी सच में होगी।

श्याम ने अपनी बात पूरी करते हुए इंटरव्यू में कहा, आप यह देख सकते हैं कि इन दिनों मैं दूल्हे के अवतार में नजर आ रहा हूं। कई सारे एक्साइटमेंट से भरे मोमेंट शो में देखने को मिलेंगे। जल्द लोगों को इस सवाल का जवाब मिल जाएगा कि क्या शादी हो पाएगी या नहीं। मेकर्स चाहे पोपटलाल की शादी करवाएं या नहीं, लेकिन उनका भरोसा पूरा है कि एक दिन उनका घर जरूर बसेगा। बता दें कि यूजर्स हर बार मेकर्स को इस वजह से ट्रोल भी करते हैं कि वे हमेशा पोपटलाल की शादी को किसी ना किसी वजह के चलते टाल देते हैं।