अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती काफी समय से लाइमलाइट से दूर थीं। अब उन्होंने वहां से गैर-मौजूदगी की वजह बताई है। हाल ही में सोशल मीडिया पर सुमोना ने खुलासा किया कि 4 मई को उनकी सर्जरी हुई थी। यह ऑपरेशन एंडोमेट्रियोसिस (Endometriosis) की समस्या को हटाने के लिए किया गया, जो कई वर्षों तक इलाज और देखभाल के बावजूद काफी बढ़ चुकी थी। सुमोना ने बताया कि वह लंबे समय से इस बीमारी से जूझ रही थीं और इसी कारण उन्हें सर्जरी करवानी पड़ी।

सुमोना ने इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट

सुमोना ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “लंबे समय बाद वापस आकर खुशी हो रही है। पिछले दो महीनों से मैं लगभग पूरी तरह दुनिया से दूर थी। मैंने जानबूझकर सोशल मीडिया से भी दूरी बना ली थी। 4 मई को मेरी एंडोमेट्रियोसिस की सर्जरी हुई, क्योंकि कई सालों तक इसे संभालने की कोशिश करने के बावजूद यह बीमारी काफी बढ़ गई थी।”

यह भी पढ़ें: ‘मेरे रिलेशन रहे हैं कुछ लड़कियों के साथ’, बाइसेक्सुअल होने पर गौरव खन्ना की पत्नी आकांक्षा चमोला ने की खुलकर बात, बोलीं- मैं शादी से पहले…

इसके आगे उन्होंने लिखा, “मैंने पिछले दो महीने खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से ठीक करने में बिताए हैं। आज, मैं ईमानदारी से कह सकती हूं कि मैं ठीक हूं।” सुमोना ने इसका श्रेय अस्पताल में अपने डॉक्टरों को दिया और उन्हें ठीक करने और देखभाल करने के लिए फरिश्ता कहा। एक्टर ने कहा, “मैं हमेशा उनकी शुक्रगुजार रहूंगी।”

अपनी सेहत के बारे में खुलकर बात करने के फैसले पर सुमोना चक्रवर्ती ने लिखा, “मैं यह किसी प्रमोशन या सहानुभूति के लिए नहीं बता रही हूं, बल्कि इसलिए बता रही हूं क्योंकि इस अनुभव ने जिंदगी को देखने का मेरा नजरिया पूरी तरह बदल दिया है।”

सोशल मीडिया को लेकर भी बदला सुमोना का नजरिया

सुमोना ने आगे लिखा, “पहले तो मैं व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम को पूरी तरह से डिलीट करना चाहती थी, लेकिन फिर मुझे एहसास हुआ कि यह कोई प्रैक्टिकल कदम नहीं था। आखिरकार, मैं अभी पहाड़ों पर जाकर रिटायर तो नहीं हो रही हूं। मेरे पास काम है, परिवार है, दोस्त हैं और जिंदगी है। हालांकि, मैं सोशल मीडिया के इस्तेमाल का तरीका जरूर बदलना चाहती हूं। मैं कभी भी लाइक्स, कमेंट्स या फॉलोअर्स जैसे नंबर के खेल के पीछे नहीं भागी।”

उन्होंने बताया कि वह एक ऐसा मंच बनाना चाहती हैं जहां महिलाएं शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, पेरिमेनोपॉज, एंडोमेट्रियोसिस, वेलनेस, यात्रा, किताबें, पौधे, पालतू जानवर, खाना, सिंगल रहने का चुनाव, स्वतंत्र जीवन, बच्चों के बिना जीवन और DINK (डबल इनकम, नो किड्स) जैसे विषयों पर खुलकर बात कर सकें। हालांकि, उन्होंने कहा कि फिलहाल ये सिर्फ उनके मन के विचार हैं और अभी उन्होंने यह तय नहीं किया है कि इन्हें कैसे अमल में लाया जाएगा।

वर्कफ्रंट की बात करें, तो सुमोना चक्रवर्ती को ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ में कपिल शर्मा की पत्नी मंजू शर्मा के किरदार से खास पहचान मिली थी। वह आखिरी बार रोहित शेट्टी के रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 14’ में नजर आई थीं।

यह भी पढ़ें: ‘गुम है किसी के प्यार में’ फेम अभिनेत्री तन्वी ठक्कर ने किया तलाक का ऐलान, शादी के 5 साल बाद लिया पति से अलग होने का फैसला